कुदरा में दुर्गावती नदी में कचरा डालने का वीडियो सोशल वायरल, नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Sep 10, 2026
- 13 views
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर------ जिला के कुदरा नगर पंचायत क्षेत्र से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो कुदरा-रामपुर मार्ग पर दुर्गावती नदी के पुल के पास का बताया जा रहा है।
वायरल वीडियो में कथित तौर पर नगर पंचायत के दो कर्मी डस्टबिन से कचरा निकालकर नदी में डालते हुए दिखाई दे रहे हैं तो यह नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था और कचरा निस्तारण प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
एक तरफ सरकार और प्रशासन की ओर से नदियों को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त रखने के लिए लगातार अभियान चलाए जाते हैं। लोगों को भी नदियों और जलस्रोतों में कचरा नहीं डालने के लिए जागरूक किया जाता है। वहीं दूसरी तरफ नगर पंचायत से जुड़े कर्मियों द्वारा ही नदी में कचरा डाले जाने का आरोप सामने आना व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्गावती नदी इलाके के लिए महत्वपूर्ण जलस्रोत है। यदि नदी में इसी तरह लगातार कचरा डाला जाता रहा, तो इससे नदी का पानी प्रदूषित होने के साथ-साथ आसपास के पर्यावरण पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। कचरे के कारण नदी के पानी की गुणवत्ता प्रभावित होने और गंदगी फैलने से अनेकों रोग की आशंका भी बनी रहती है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर नगर पंचायत द्वारा डस्टबिन से उठाए गए कचरे का निस्तारण कहां किया जाना है? क्या इसके लिए निर्धारित स्थान और व्यवस्था मौजूद है अगर व्यवस्था मौजूद है, तो फिर नदी के किनारे कचरा पहुंचने की नौबत क्यों आई
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि कुदरा नगर पंचायत क्षेत्र में छोटे व्यवसायियों और आम लोगों पर कचरा फैलाने को लेकर जुर्माना लगाया जाता है और उन्हें स्वच्छता नियमों का पालन करने के लिए कहा जाता है। ऐसे में वायरल वीडियो में यदि नगर पंचायत के ही दो कर्मी नदी में कचरा डालते नजर आ रहे हैं, तो यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि नियम सिर्फ आम जनता के लिए हैं या फिर नियम-कायदे सभी के लिए समान हैं
नगर पंचायत द्वारा आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और कचरा प्रबंधन के लिए नियम बनाए गए हैं। ऐसे में उन्हीं नियमों का पालन कराने वाली व्यवस्था पर यदि इस तरह का आरोप लगता है, तो इसकी निष्पक्ष जांच होना जरूरी हो जाता है।
वायरल वीडियो को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि प्रशासन और नगर पंचायत को इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए और यह पता लगाना चाहिए कि वीडियो में दिखाई दे रहे दोनों लोग कौन हैं और नदी में कचरा डालने के पीछे वास्तविक स्थिति क्या है और किसके आदेश पर डाले है
अब देखने वाली बात यह होगी कि इस वायरल वीडियो पर कुदरा नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी क्या संज्ञान लेते हैं। क्या मामले की जांच कराई जाएगी अगर वीडियो में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ क्या कार्रवाई होगी और सबसे अहम सवाल—क्या आम जनता की तरह नगर पंचायत के कर्मचारियों पर भी वही नियम और कार्रवाई लागू होगी
फिलहाल वायरल वीडियो ने कुदरा नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन प्रणाली पर बहस जरूर छेड़ दी है। अब सबकी नजर नगर पंचायत और वरीय प्रशासनिक पदाधिकारियों की कार्रवाई पर टिकी है।
देखना होगा कि इस मामले में प्रशासन कितनी जल्दी संज्ञान लेता है और जांच के बाद क्या कार्रवाई सामने आती है


रिपोर्टर