साइबर फ्रॉड के बड़े मामले में कैमूर पुलिस की कार्रवाई, म्यूल बैंक खातों के जरिए करोड़ों के लेन-देन का खुलासा
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Sep 06, 2026
- 38 views
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर---------- जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में कैमूर साइबर थाना पुलिस ने साइबर फ्रॉड से जुड़े एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पुनित तिवारी, पिता विनायक तिवारी, ग्राम कुडासन, थाना भभुआ, जिला कैमूर के रूप में हुई है।
मामला साइबर थाना कैमूर में दर्ज एफआईआर संख्या 09/2026, दिनांक 15 मार्च 2026 से संबंधित है। पुलिस ने इस मामले में BNS की धारा 317(4), 318(4), 336(2), 351(4), 3(5) तथा IT Act 2000 की धारा 66(C) और 66(D) के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी।
म्यूल अकाउंट के जरिए करोड़ों का लेन-देन
पुलिस जांच में सामने आया कि Axis Bank में ‘श्री श्याम इंटरप्राइजेज’ के नाम से एक Current Account खोला गया था। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि इस बैंक खाते में 22 अप्रैल 2025 से 11 मार्च 2026 के बीच कुल 1 करोड़ 40 लाख 38 हजार 939 रुपये क्रेडिट हुए, जबकि इसी अवधि में 1 करोड़ 35 लाख 12 हजार 841 रुपये डेबिट किए गए।
पुलिस के अनुसार, इतनी बड़ी रकम के लेन-देन वाले इस खाते का इस्तेमाल साइबर अपराध से जुड़े सिंडिकेट द्वारा किए जाने की आशंका सामने आई है।पुलिस द्वारा खाताधारक से पूछताछ किए जाने के बाद यह जानकारी सामने आई कि संबंधित बैंक खाता पुनित तिवारी के द्वारा खुलवाया गया था।
पुलिस के मुताबिक, खाता खुलवाने के बाद पुनित तिवारी ने खाताधारक से चेकबुक, पासबुक, सिम कार्ड सहित बैंक खाते से संबंधित अन्य दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए। इसके बाद बैंक खाते से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी कथित तौर पर साइबर अपराध सिंडिकेट के अन्य सदस्यों के साथ साझा की गई।
जांच में यह भी सामने आया कि उक्त Axis Bank का Current Account धीरज कुमार और अखिल सिंह के नाम से Joint Account था।
देश के कई राज्यों से साइबर फ्रॉड की शिकायत
साइबर थाना पुलिस ने NCCRP Portal पर बैंक खाते की जांच की तो इस खाते के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों से कुल 8 शिकायतें दर्ज मिलीं।
इन शिकायतों में झारखंड, छत्तीसगढ़, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और उत्तराखंड से जुड़े मामले शामिल हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इन शिकायतों में Digital Arrest से संबंधित चार मामले भी शामिल हैं। इसके अलावा कुमाऊं (उत्तराखंड), कोलकाता, जमशेदपुर (झारखंड) और महाराष्ट्र में भी इस बैंक खाते से संबंधित शिकायतों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी पुलिस को मिली है।
शिकायत के बाद बैंक खाता हुआ था फ्रीज
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बैंक खाते के खिलाफ शिकायतें दर्ज होने के बाद संबंधित बैंक खाते को फ्रीज कर दिया गया था।
पुलिस के अनुसार, खाते को दोबारा सक्रिय कराने के लिए पुनित तिवारी खाताधारक के साथ बैंक गया था। पुलिस ने इस संबंध में बैंक में लगे CCTV फुटेज की जांच की, वहीं बैंक कर्मियों से पूछताछ के दौरान भी इसकी पुष्टि हुई।
दूसरे व्यक्ति के नाम पर था मोबाइल नंबर
पुलिस जांच में एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया। बैंक खाते में जो मोबाइल नंबर लिंक था, वह खाताधारक के नाम पर नहीं था, बल्कि किसी अन्य व्यक्ति के नाम से जुड़ा हुआ था।
पुलिस के अनुसार, वास्तविक सिम धारक से पूछताछ करने पर पता चला कि उसे बहला-फुसलाकर सिम नंबर लिया गया था। इसके बाद इस मोबाइल नंबर का इस्तेमाल बैंक खाते से संबंधित गतिविधियों में किए जाने की बात जांच में सामने आई।
कई नामों से Current Account खुलवाने का आरोप
जांच को आगे बढ़ाने पर पुलिस को पता चला कि पुनित तिवारी ने कथित तौर पर अन्य बैंकों में भी अलग-अलग नामों से Current Account खुलवाए थे।
इनमें Puneet Enterprises, Sujeet Enterprises, Suraj Enterprises, Dhiraj Traders और Tiwari Enterprises के नाम से खोले गए बैंक खातों की जानकारी पुलिस जांच में सामने आई है।
पुलिस का कहना है कि केवल यही नहीं, बल्कि कैमूर जिले के अन्य लोगों के बैंक खाते भी पुनित तिवारी द्वारा खुलवाए जाने की जानकारी मिली है। आरोप है कि इन खातों से संबंधित बैंकिंग जानकारी साइबर अपराध सिंडिकेट के अन्य सदस्यों के साथ साझा की जाती थी।
साइबर सिंडिकेट से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश
पूरे मामले की जांच अब साइबर थाना पुलिस द्वारा आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि इन बैंक खातों के जरिए किन-किन लोगों से रकम का लेन-देन किया गया और इस कथित साइबर सिंडिकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
साथ ही पुलिस द्वारा विभिन्न राज्यों में दर्ज शिकायतों और प्राथमिकी से जुड़े मामलों को भी खंगाला जा रहा है, ताकि साइबर फ्रॉड के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
गिरफ्तारी
साइबर फ्रॉड के इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पुनित तिवारी, पिता–विनायक तिवारी, ग्राम–कुडासन, थाना–भभुआ, जिला–कैमूर
को गिरफ्तार किया है


रिपोर्टर