दुर्गावती महाविद्यालय की प्राचार्य ने फहराया उल्टा तिरंगा, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

संवाददाता पिंटु कुमार तिवारी की रिपोर्ट 

दुर्गावती(कैमूर)------- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दुर्गावती प्रखंड अंतर्गत दुर्गावती महाविद्यालय, बिछिया डुमरी में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में महाविद्यालय की प्राचार्या सुषमा सिंह द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराते समय तिरंगा कथित तौर पर उल्टा दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

वायरल वीडियो को लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर ध्वजारोहण के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के सही तरीके से लगाने का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। लोगों का सवाल है कि यदि किसी शिक्षण संस्थान के जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति से ध्वजारोहण के दौरान ऐसी चूक होती है, तो इसका विद्यार्थियों पर किस तरह का संदेश जाएगा।

वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर कुछ लोगों द्वारा मामले की जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग भी उठाई जा रही है। हालांकि, वायरल वीडियो की वास्तविकता, घटना की पूरी परिस्थितियों और यह चूक जानबूझकर हुई या अनजाने में, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।

घटना को लेकर क्षेत्र में लगातार चर्चा हो रही है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि संबंधित महाविद्यालय प्रबंधन अथवा शिक्षा विभाग की ओर से मामले में कोई जांच कराई जाती है या नहीं और जांच के बाद क्या कार्रवाई होती है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट