डीएम ने सभी विभागों के लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिए
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Aug 05, 2026
- 11 views
रोहतास।जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को लंबित अनुपालनों का शीघ्र निष्पादन एवं पत्रों का समयबद्ध उत्तर सुनिश्चित करने का दिया निर्देश
जिलाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में जिला गोपनीय कार्यालय में जिले के सभी विभागाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति, लंबित मामलों एवं कार्यालयीन कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विभिन्न स्तरों से प्राप्त सभी लंबित अनुपालनों (Compliance) का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग में अनुपालन संबंधी मामले अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहने चाहिए तथा सभी संबंधित अधिकारी व्यक्तिगत रूप से इसकी नियमित समीक्षा करें।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि राज्य सरकार, प्रमंडलीय कार्यालय, जिला प्रशासन अथवा अन्य सक्षम प्राधिकार से प्राप्त पत्रों एवं निर्देशों का उत्तर निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि पत्राचार में अनावश्यक विलंब प्रशासनिक कार्यों को प्रभावित करता है, जिसे किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को कार्यालयीन अनुशासन, समयबद्ध कार्य निष्पादन एवं उत्तरदायित्व की भावना के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक विभाग अपने लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करे तथा समय पर उनका निष्पादन सुनिश्चित करे। साथ ही यह भी निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यों का निष्पादन करें, ताकि आम जनता को सरकारी सेवाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सुशासन की अवधारणा को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए समयबद्ध कार्य संस्कृति एवं जवाबदेही अत्यंत आवश्यक है। सभी विभागाध्यक्ष यह सुनिश्चित करें कि उनके कार्यालयों में प्राप्त प्रत्येक पत्र एवं निर्देश का गुणवत्तापूर्ण तथा समय पर निष्पादन हो।
बैठक में सभी विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।


रिपोर्टर