बाइक की टक्कर से घायल किसान की इलाज के दौरान हुई मौत, गांव में शोक की लहर
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 24, 2026
- 13 views
संवाददाता पिंटू कुमार तिवारी की रिपोर्ट
दुर्गावती(कैमूर)---- थाना क्षेत्र के धनेछा डीह गांव के समीप एनएच-19 की सर्विस रोड पर गुरुवार की रात तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल किसान की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार धनेछा डीह गांव निवासी घुरभारी सिंह कुशवाहा के पुत्र, लगभग 65 वर्षीय किसान रामप्यारे कुशवाहा गुरुवार की रात गांव के पास एनएच-19 की सर्विस रोड पर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान महमुगंज बाजार की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक अनियंत्रित बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल वाराणसी ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शुक्रवार की सुबह जैसे ही किसान की मौत की खबर गांव पहुंची, धनेछा डीह में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातम का माहौल है।


रिपोर्टर