अकोढ़ीगोला में पंचायत विकास दिवस पर विकास का संकल्प, बघाखोह पंचायत से हुआ शुभारंभ


संवाददाता पारस नाथ दुबे  


डेहरी रोहतास। प्रखंड अकोढ़ीगोला के बघाखोह ग्राम पंचायत में रविवार को पंचायत विकास दिवस का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में विकास योजनाओं की समीक्षा, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों पर चर्चा तथा पंचायतों के समग्र विकास का संकल्प लिया गया।  


बघाखोह पंचायत में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का उद्घाटन डेहरी विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पंचायतें लोकतंत्र की सबसे मजबूत इकाई हैं और ग्रामीण विकास की गति को तेज करने के लिए सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना आवश्यक है।  


कार्यक्रम में एसडीसी एवं अतिरिक्त प्रभार जिला खेल पदाधिकारी रोहतास विनय प्रताप, प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. रवि रंजन सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।  


इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने मद्य निषेध की शपथ ली तथा नशामुक्त समाज के निर्माण, सामाजिक जागरूकता और पंचायतों के सर्वांगीण विकास के लिए सक्रिय भागीदारी का संकल्प दोहराया।  


कार्यक्रम के दौरान पंचायत स्तर पर संचालित विकास योजनाओं, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पंचायत विकास दिवस के आयोजन को ग्रामीण विकास और जनसहभागिता को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट