दिव्यांगों के लिए विधायक सोनू सिंह की बड़ी पहल: निःशुल्क बैटरी चालित ट्राई साइकिल हेतु आवेदन शुरू
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jun 27, 2026
- 2 views
संवाददाता पारसनाथ दुबे
डेहरी-ऑन-सोन। डेहरी विधानसभा क्षेत्र के दिव्यांगजनों एवं विकलांग बच्चों के लिए राहत भरी खबर है। स्थानीय विधायक राजीव रंजन सिंह (सोनू सिंह) ने जरूरतमंद दिव्यांगों को निःशुल्क बैटरी चालित ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने की पहल की है। इसके लिए आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विधायक सोनू सिंह ने बताया कि डेहरी विधानसभा क्षेत्र तथा डेहरी नगर परिषद क्षेत्र के ऐसे दिव्यांगजन और विकलांग बच्चे, जिन्हें आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, वे उनके कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं। सभी आवेदनों की जांच एवं आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क बैटरी संचालित ट्राई साइकिल वितरित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना उनकी प्राथमिकता है। कई दिव्यांग लोगों को शिक्षा, रोजगार, चिकित्सा एवं दैनिक कार्यों के लिए आने-जाने में भारी परेशानी होती है। बैटरी चालित ट्राई साइकिल मिलने से उनकी गतिशीलता बढ़ेगी और वे अपने कार्य अधिक आसानी से कर सकेंगे।
विधायक ने कहा कि सरकार और जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। इसी सोच के तहत यह पहल की जा रही है, ताकि दिव्यांगजन सम्मानपूर्वक और आत्मनिर्भर जीवन जी सकें।
उन्होंने क्षेत्र के पात्र दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों से अपील की कि वे समय पर आवेदन कर इस सुविधा का लाभ उठाएं। विधायक ने भरोसा दिलाया कि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक इस योजना का लाभ पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।


रिपोर्टर