अकोढी गोला पीएचसी का निरीक्षण डीएम ने किया
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jun 26, 2026
- 5 views
रोहतास ।जिला पदाधिकारी, रोहतास दीपक कुमार मिश्रा ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, अकोढ़ी गोला का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भंडार पंजी, चिकित्सकों एवं अन्य कर्मियों की उपस्थिति पंजी सहित विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया तथा उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान बीपीएम अनुपस्थित पाए गए, जिस पर जिला पदाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी और स्पष्ट कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने एक्सपायर दवाओं को तत्काल बदलने तथा सूची के अनुसार सभी आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी चिकित्सकों को रोस्टर के अनुसार नियमित रूप से ड्यूटी पर उपस्थित रहने का सख्त निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने लू वार्ड का भी जायजा लिया तथा आने वाले मौसम को देखते हुए डेंगू वार्ड तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने नवजात शिशुओं के समय पर टीकाकरण सुनिश्चित कराने पर भी विशेष जोर दिया।
जिला पदाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र की साफ-सफाई को संतोषजनक बताया और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने पर बल दिया।
इस दौरान जिला पदाधिकारी ने अस्पताल में आए मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक भी प्राप्त किया। उन्होंने अधिकारियों को मरीजों की सुविधा और संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस दौरान जिला पदाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के तहत सिविल सर्जन, रोहतास को निर्देश दिया कि जिले के सभी अस्पतालों का नियमित निरीक्षण कर वहां मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन करें। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी, डेहरी को भी निर्देशित किया गया कि अनुमंडल क्षेत्र के सभी सरकारी अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करते रहें।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी डेहरी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


रिपोर्टर