अभिभावकों, कैडेट्स और एनसीसी अधिकारी की संगोष्ठी संपन्न


रोहतास। जिला मुख्यालय सासाराम स्थित पीएम श्री +2 उच्च विद्यालय चौखड़ी पथ रौजा रोड, सासाराम में आज एनसीसी कैडेट्स, उनके अभिभावकों, एनसीसी पदाधिकारी और विद्यालय के प्रधानाचार्य के बीच एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी (कार्रवाई मीटिंग) का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य कैडेट्स के सर्वांगीण विकास, उनके शैक्षणिक स्तर और एनसीसी ट्रेनिंग में बेहतर समन्वय स्थापित करना था।

मीटिंग के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री उमेश कुमार सिंह और एनसीसी पदाधिकारी फर्स्ट ऑफिसर चंदन कुमार द्वारा अभिभावकों को कैडेट्स के अनुशासन, आगामी एनसीसी कैंपों की रूपरेखा और विद्यालय में नियमित रूप से चलने वाली शिक्षण कार्य (क्लासेस) के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। साथ ही, कैडेट्स की पढ़ाई और उनके उज्ज्वल भविष्य को लेकर भी गंभीर चर्चा की गई।

कैंप और क्लास के दौरान मोबाइल फोन पर पूर्ण प्रतिबंध

इस संगोष्ठी में बच्चों के भविष्य और एकाग्रता को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा फैसला लिया गया। अभिभावकों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे विद्यालय में एनसीसी गतिविधियों या कैंप के दौरान बच्चों को मोबाइल फोन न दें।

बैठक में चर्चा के दौरान यह बात सामने आई कि यदि बच्चों के पास मोबाइल फोन होता है, तो उनका ध्यान भटकता है। इसके कारण वे न तो अपनी पढ़ाई पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित कर पाते हैं और न ही एनसीसी की ट्रेनिंग सही तरीके से ले पाते हैं। इसलिए, बच्चों के अनुशासन और बेहतर प्रदर्शन के लिए मोबाइल फोन को पूरी तरह प्रतिबंधित करने का निर्देश दिया गया है, जिसमें अभिभावकों से भी सहयोग की अपील की गई है।

इस मीटिंग में उपस्थित सभी अभिभावकों ने विद्यालय प्रशासन और एनसीसी अधिकारी के इस फैसले की सराहना की और बच्चों के अनुशासन को बनाए रखने में अपना पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट