बकरी चोरी कर भाग रहे चोरों की सफारी नहर में गिरी, 7 बकरियां बरामद
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jun 15, 2026
- 35 views
संवाददाता पारस नाथ दुबे
डेहरी रोहतास।अकोढ़ीगोला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बकरी चोरी में प्रयुक्त एक सफेद रंग की सफारी गाड़ी तथा चोरी की गई सात बकरियों को बरामद किया है। इस संबंध में अकोढ़ीगोला थानाध्यक्ष राकेश गोसाई ने प्रेस वार्ता कर जानकारी साझा की।
थानाध्यक्ष ने बताया कि सोमवार की अहले सुबह करीब 01:40 बजे डायल-112 टीम को सूचना मिली कि ग्राम बाधाखोह से अज्ञात चोर एक सफेद रंग की सफारी गाड़ी पर बकरियां चोरी कर तेतराढ़ बाजार की ओर भाग रहे हैं। सूचना मिलते ही आवश्यक सनहा दर्ज कर डायल-112 टीम को चौकीदार सुभाष कुमार के साथ वाहन का पीछा करने का निर्देश दिया गया। साथ ही रात्रि गश्ती दल को भी तत्काल मौके पर पहुंचने के लिए कहा गया।
पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने पर वाहन चालक एवं उसके सहयोगी पकड़े जाने के भय से तेतराढ़ बंगला के समीप नहर में वाहन को उतारकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। पुलिस द्वारा काफी खोजबीन की गई, लेकिन तत्काल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
इसके बाद नहर में गिरे वाहन का सत्यापन किया गया, जिसमें एक सफेद रंग की सफारी गाड़ी (रजिस्ट्रेशन संख्या BR01PC0730, चेचिस संख्या MAT403723ANG07286) तथा सात बकरियां बरामद हुईं। बरामद वाहन एवं बकरियों को थाना लाकर सुरक्षित रखा गया है।
इस मामले में अकोढ़ीगोला थाना कांड संख्या 232/26, दिनांक 15.06.2026, धारा 303(2)/3(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
कार्रवाई में पु.अ.नि. सिमरन कुमारी, पीटीसी अमरेश कुमार, हवलदार विकेश कुमार यादव, सिपाही तपसी कुमार, चालक सुधीर कुमार, चौकीदार योगेश राम एवं चौकीदार सुभाष कुमार शामिल थे।


रिपोर्टर