सोन नदी में बिना लाइसेंस नावों पर ब्रेक, अब रजिस्ट्रेशन और लाइफ जैकेट अनिवार्य
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jun 07, 2026
- 4 views
संवाददाता पारस नाथ दुबे
*डेहरी-ऑन-सोन (रोहतास)*। सोन नदी में अवैध तरीके से चल रही नावों पर प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने नौका संचालन पर अस्थायी रोक लगा दी है। अब बिना वैध रजिस्ट्रेशन, लाइसेंस और सुरक्षा उपकरणों के एक भी नाव नहीं चल सकेगी।
*क्या है पूरा मामला*
शुक्रवार को परिवहन विभाग की टीम ने डेहरी के एनिकट स्थित सोन नदी क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि कई नावें बिना जरूरी कागजात और लाइफ जैकेट जैसे सुरक्षा इंतजामों के चल रही थीं। स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने इसको लेकर कई बार शिकायत की थी।
*SDM के निर्देश पर हुई कार्रवाई*
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डेहरी एसडीएम निलेश कुमार के निर्देश पर तत्काल प्रभाव से नावों के परिचालन पर रोक लगाई गई। इसके बाद मोटरयान निरीक्षक गुड्डू कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सभी नावों की जांच की।
*अब ये नियम होंगे अनिवार्य*
1. *रजिस्ट्रेशन जरूरी*: हर नाव का विभागीय पंजीकरण कराना होगा।
2. *लाइसेंस अनिवार्य*: नाविकों के पास वैध लाइसेंस होना चाहिए।
3. *सुरक्षा उपकरण*: हर नाव पर क्षमता के अनुसार लाइफ जैकेट रखना अनिवार्य।
4. *तकनीकी जांच*: नाव की तकनीकी स्थिति और क्षमता की जांच होगी।
*दो चरणों में होगी जांच*
एमवीआई गुड्डू कुमार ने बताया कि जांच दो चरणों में होगी। पहले चरण में नाव संचालकों को नियमों की जानकारी देकर चेतावनी दी गई है। दूसरे चरण में दस्तावेज, सुरक्षा उपकरण और तकनीकी मानकों की गहन जांच होगी। मानक पूरे नहीं करने वालों पर कार्रवाई तय है।
नाव संचालकों में हड़कंप, लोगों ने किया स्वागत
प्रशासन की सख्ती के बाद नाव संचालकों में हड़कंप मच गया है। कई संचालक अब दस्तावेज दुरुस्त कराने और रजिस्ट्रेशन कराने में जुट गए हैं। वहीं स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि इससे यात्रियों की सुरक्षा बढ़ेगी और हादसों का खतरा कम होगा।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि नियम तोड़ने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सोन नदी में नौका परिचालन सिर्फ सुरक्षा मानकों के तहत ही होगा।


रिपोर्टर