मड़ियाहूं तहसील समाधान दिवस में 74 प्रार्थना पत्र प्राप्त, 7 का मौके पर निस्तारण
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Jun 06, 2026
- 27 views
मड़ियाहूं, जौनपुर। तहसील सभागार मड़ियाहूं में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर उपजिलाधिकारी नवीन कुमार एवं क्षेत्राधिकारी परमानंद कुशवाहा ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 74 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 7 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया। इस दौरान एक रोचक मामला सामने आया, जिसमें एक प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसका डेढ़ वर्ष से वरासत (नामांतरण) नहीं हुआ है। मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार राकेश कुमार ने तत्काल अभिलेखों की जांच कराई। जांच में पाया गया कि संबंधित प्रार्थी का वरासत पहले ही दर्ज किया जा चुका है। इसके बाद प्रार्थी को अभिलेख दिखाकर स्थिति से अवगत कराया गया, जिससे उसका भ्रम दूर हो गया। समाधान दिवस में तहसीलदार राकेश कुमार, नायब तहसीलदार अमित सरोज, नायब तहसीलदार संदीप गुप्ता, नायब तहसीलदार कृति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
उपजिलाधिकारी नवीन कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं का निस्तारण पूरी पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ किया जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। वहीं क्षेत्राधिकारी परमानंद कुशवाहा ने कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही। समाधान दिवस के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया गया।


रिपोर्टर