मिट्टी लदे ट्रैक्टर पलटने से लगी आग, ट्रेक्टर में दबे दो किशोरों की जलकर हुई दर्दनाक मौत

नौघरा सिवान में हुआ हृदयविदारक हादसा, प्रशासनिक अधिकारियों और मंत्री ने लिया घटनास्थल का जायजा

संवाददाता रूपेश कुमार दूबे की रिपोर्ट 

कैमूर-- जिला अंतर्गत चैनपुर थाना क्षेत्र के नौघरा सिवान में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई। मिट्टी ढो रहे एक ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट जाने के बाद उसमें आग लग गई, जिससे इंजन के नीचे दबे दोनों किशोर जिंदा जल गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर से मिट्टी की ढुलाई की जा रही थी। ट्रैक्टर मिट्टी लेकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान नौघरा सिवान के समीप किसी अन्य वाहन को पास देने के क्रम में चालक ने वाहन को सड़क के किनारे उतारा, जिससे ट्रैक्टर असंतुलित होकर बाहे (खाई) में पलट गया। ट्रैक्टर पर चालक सहित तीन लोग सवार थे। हादसे के दौरान चालक किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा, लेकिन ट्रैक्टर पर बैठे दो किशोर इंजन के नीचे दब गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर पलटने के कुछ ही क्षण बाद उसमें अचानक आग लग गई। इंजन के नीचे दबे दोनों किशोर बाहर नहीं निकल सके और देखते ही देखते आग की चपेट में आकर उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। आग इतनी भीषण थी कि दोनों के शव बुरी तरह जल गए।

मृतकों की पहचान नौघरा निवासी कलामुद्दीन अंसारी के पुत्र सेस अंसारी (15 वर्ष) तथा हसीर धोबी के पुत्र सेचन धोबी (14 वर्ष) के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।

हादसे की जानकारी मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद कैमूर के एसडीपीओ, एसडीएम समेत कई प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। दमकल विभाग की टीम को बुलाकर आग पर काबू पाया गया।

आग बुझने के बाद जेसीबी मशीन की सहायता से पलटे हुए ट्रैक्टर को सीधा किया गया। इसके बाद मृतकों के शवों के अवशेषों को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

इस हृदयविदारक घटना से नौघरा सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने तथा ट्रैक्टर संचालन में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने की मांग प्रशासन से की है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट