गया जंक्शन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, पांच शातिर चोर गिरफ्तार, 75 हजार रुपये की चोरी की संपत्ति बरामद

ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट 

गयाजी--- रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) गया ने अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से यात्रियों के चोरी हुए मोबाइल फोन, आधार कार्ड, वोटर कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। बरामद संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई गई है।

रेलवे सुरक्षा बल प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव, निरीक्षक चन्दन कुमार एवं थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक शिवकुमार के निर्देशन में आरपीएफ, सीआईबी, सीपीडीएस तथा राजकीय रेलवे पुलिस की संयुक्त गश्ती टीम 1 जून 2026 को गया यार्ड के सेक्टर-7 क्षेत्र में गश्त एवं आपराधिक गतिविधियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान गाड़ी संख्या 18624 हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म संख्या-7 से खुलकर यार्ड की ओर जा रही थी। टीम ने देखा कि स्लीपर कोच से तीन युवक उतरकर बैरागी की ओर जा रहे हैं। संदेह के आधार पर उन्हें घेरकर पकड़ लिया गया।

पूछताछ के दौरान गश्ती दल उन्हें पोस्ट पर ला रहा था, तभी प्लेटफॉर्म संख्या-1 के हावड़ा छोर के पास दो अन्य संदिग्ध व्यक्तियों को भी पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवादा निवासी प्रहलाद कुमार, गया निवासी राहुल कुमार, चाकंद निवासी गणेश कुमार चौहान, पश्चिम बंगाल के पुरुलिया निवासी पवन सिंह तथा निर्मल सिंह के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से विभिन्न कंपनियों के पांच मोबाइल फोन, यात्रियों के नाम पर बने आधार कार्ड, वोटर कार्ड, पैन कार्ड एवं अन्य दस्तावेज बरामद किए गए। पूछताछ में सभी आरोपियों ने स्वीकार किया कि बरामद सामान यात्रियों से चोरी किया गया था।

घटना के संबंध में राजकीय रेल थाना, गया में कांड संख्या 147/26 दिनांक 01.06.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने चोरी की संपत्ति जब्त कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट