टायर फटने से फ्लाईओवर पर लटकी ट्रक, बड़ा हादसा टला
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jun 01, 2026
- 106 views
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे कि रिपोर्ट
कैमूर:-- जिले के कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पछाहगंज के समीप रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब सासाराम की ओर जा रही एक ट्रक अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर ब्रिज पर लटक गई। घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या UP67AT5146 सासाराम की दिशा में जा रही थी। इसी दौरान पछाहगंज के समीप फ्लाईओवर पर अचानक ट्रक का टायर फट गया। टायर फटने के बाद चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर के किनारे जा पहुंची और उसका आधा हिस्सा सर्विस लेन की ओर लटक गया।
घटना में ट्रक चालक छोटू यादव घायल हो गए, जबकि ट्रक में मौजूद अन्य लोग बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस एवं हाईवे पेट्रोलिंग टीम को दी।
सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम तथा कुदरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सुरक्षित हटाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई।
ट्रक के खलासी अनीश यादव ने बताया कि चलते समय अचानक ट्रक का टायर फट गया, जिसके कारण वाहन असंतुलित हो गया और यह हादसा हुआ। हालांकि गनीमत रही कि ट्रक नीचे नहीं गिरी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था और जान-माल का भारी नुकसान होने की आशंका थी।
इस घटना के बाद कुछ समय तक फ्लाईओवर पर आवागमन प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों की तकनीकी जांच को लेकर भी चिंता जताई है।


रिपोर्टर