राजमाता अहिल्याबाई होलकर के आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत : डॉ. मनीष पंकज मिश्रा
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- May 31, 2026
- 12 views
ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट
गयाजी--- महान समाजसेवी, धर्मपरायण एवं लोककल्याणकारी शासिका राजमाता अहिल्याबाई होलकर की जयंती के अवसर पर गया स्थित विष्णुपद मंदिर परिसर में उनकी प्रतिमा पर भाजपा नेताओं ने माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा सहित कई कार्यकर्ताओं ने राजमाता के चित्र एवं प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने कहा कि राजमाता अहिल्याबाई होलकर भारतीय इतिहास की ऐसी महान विभूति थीं, जिन्होंने अपने शासनकाल में जनकल्याण, धर्म, संस्कृति और सामाजिक समरसता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने देशभर में अनेक मंदिरों, धर्मशालाओं, घाटों एवं तीर्थस्थलों का निर्माण और जीर्णोद्धार कराया। काशी विश्वनाथ मंदिर, विष्णुपद मंदिर और केदारनाथ सहित कई प्रमुख धार्मिक स्थलों के संरक्षण एवं विकास में उनका अतुलनीय योगदान रहा है।
उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होलकर ने समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण एवं धार्मिक चेतना के क्षेत्र में जो कार्य किए, वे आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों की सेवा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद, अधिवक्ता संतोष ठाकुर, जिला कोषाध्यक्ष दीपक पांडे, गोपाल प्रसाद यादव, हीरा यादव, अभिषेक कुमार राणा, रणजीत सिंह, कमल बारिक, प्रेमनाथ टैया, सुनील रविदास, दीपक कुमार, ऋषिकेश गुड़ा सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


रिपोर्टर