शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रही बकरीद की नमाज, चप्पे-चप्पे पर प्रशासन की पैनी नजर



रोहतास। पवित्र त्योहार बकरीद (ईदुज्जुहा) को लेकर आज सासाराम शहर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में पर्व को संपन्न कराने के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। गुरुवार सुबह से ही मुस्लिम समुदाय के लोग पारंपरिक परिधानों में सजे-धजे अपने-अपने घरों और नजदीकी मस्जिदों-ईदगाहों की ओर नमाज अदा करने के लिए निकल रहे हैं।

सुबह ४ बजे से ही सड़कों पर गश्त, बाइक पेट्रोलिंग से रखी जा रही नजर

त्योहार में किसी भी प्रकार का खलल न पड़े, इसके लिए प्रशासन सुबह 4:00 बजे से ही पूरी शक्ति के साथ जमीन पर उतरा हुआ है। शहर के अलग-अलग संवेदनशील और मुख्य चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस के जवान और प्रशासनिक अधिकारी सुबह से ही लगातार बाइक के माध्यम से विभिन्न मोहल्लों और मुख्य मार्गों पर सघन पेट्रोलिंग (गश्ती) कर रहे हैं।

बीते दिन वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में निकला था फ्लैग मार्च

सुरक्षा व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द का अहसास कराने के लिए बीते कल (बुधवार) को शहर में एक विशाल फ्लैग मार्च निकाला गया था। इस फ्लैग मार्च का नेतृत्व खुद पुलिस अधीक्षक (SP) रोशन कुमार और सासाराम अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) डॉ. नेहा कुमारी ने संयुक्त रूप से किया। मार्च में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) और स्थानीय थाना प्रभारी सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने आम लोगों से शांति और शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की थी।

तीसरी आंख (CCTV और ड्रोन) से हो रही है निगरानी

इस बार सुरक्षा व्यवस्था को तकनीकी रूप से भी बेहद मजबूत किया गया है। सड़कों पर गश्ती के साथ-साथ शहर के मुख्य नियंत्रण कक्ष से कैमरों के माध्यम से हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों और अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह से सख्ती बरत रहा है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट