नेपाल से गांजा लेकर भारत आ रहे तस्कर को एसएसबी ने दबोचा, 9 किलो गांजा बरामद

बिहार-- पश्चिमी चंपारण जिला अंतर्गत नरकटियागंज 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) नरकटियागंज की सी-समवाय पचरोता एवं बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने भारत-नेपाल सीमा पर कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सीमा स्तंभ संख्या 431/2 स्थित बिरांची गांव के पास गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

जानकारी के अनुसार, संयुक्त गश्ती दल का नेतृत्व मुख्य आरक्षी/सा. संजय कुमार दत्ता कर रहे थे। इसी दौरान नेपाल से मोटरसाइकिल पर भारत की ओर आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान उसके पास से 9.066 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान रामकिशन यादव (30 वर्ष), पिता अशर्फी यादव, ग्राम मलदहिया, पोस्ट पोखरिया, जिला पश्चिम चंपारण के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि वह नेपाल से गांजा लाकर भारत में बेचने की फिराक में था, ताकि मोटी रकम कमा सके।

एसएसबी ने आरोपी, बरामद गांजा एवं मोटरसाइकिल को आगे की कार्रवाई के लिए मानपुर थाना पुलिस को सौंप दिया है।

स्थानीय लोगों ने एसएसबी की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि सीमा पर लगातार सघन गश्त और निगरानी के कारण अवैध गतिविधियों एवं तस्करी पर काफी हद तक अंकुश लगा है। तस्करी में संलिप्त लोगों में भी भय का माहौल देखा जा रहा है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट