कुदरा नगर पंचायत में सफाई व्यवस्था ठप, चार-पांच दिनों से कचरे का अंबार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- May 16, 2026
- 62 views
दो माह के वेतन और पीएफ भुगतान की मांग को लेकर सफाई कर्मियों की हड़ताल, नगर प्रशासन पर उठे सवाल
सहायक संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कुदरा / कैमूर:-- कुदरा नगर पंचायत क्षेत्र में पिछले चार से पांच दिनों से सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ी हुई है, जिससे नगर के विभिन्न वार्डों में कचरे का अंबार लग गया है। जगह-जगह फैले कचरे और गंदगी के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा जमा होने से वातावरण दूषित हो रहा है तथा लोगों में बीमारी फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत के सफाई कर्मचारियों ने अपने दो माह के बकाया वेतन एवं जीएफ भुगतान की मांग को लेकर हड़ताल शुरू कर दी है। सफाई कर्मियों का कहना है कि लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। कई बार नगर प्रशासन को इस संबंध में अवगत कराया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। मजबूर होकर सफाई कर्मियों ने कार्य बहिष्कार कर दिया, जिसके चलते पूरे नगर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है।
नगर पंचायत के सभी वार्डों में सफाई कार्य बंद रहने से कचरा इधर-उधर फैल गया है। नालियों की सफाई नहीं होने से जलजमाव और दुर्गंध की समस्या भी बढ़ने लगी है। स्थानीय लोगों ने नगर प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि समय पर सफाई नहीं होने से नगर की स्थिति बदतर होती जा रही है। लोगों ने प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान निकालने की मांग की है।
इस मामले में नगर प्रशासन से पूछे जाने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। हालांकि कार्यपालक पदाधिकारी से टेलीफोन पर संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि सफाई कर्मचारियों के बकाया वेतन का भुगतान एक से दो दिनों के भीतर कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भुगतान होते ही अगले दिन से सफाई व्यवस्था पुनः बहाल कर दी जाएगी।
फिलहाल नगरवासियों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द पहल कर सफाई व्यवस्था सामान्य करेगा, ताकि नगर में फैल रही गंदगी और उससे उत्पन्न हो रही समस्याओं से लोगों को राहत मिल सके।


रिपोर्टर