भिवंडी रेलवे परियोजना में लापरवाही से मजदूर की मौत, तीन अधिकारियों पर केस दर्ज

भिवंडी। भिवंडी रेलवे स्टेशन के पास चल रहे रेलवे ट्रैक निर्माण कार्य के दौरान एक मजदूर की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच में सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा 16 दिसंबर 2024 की शाम करीब 5.30 बजे भिवंडी रेलवे स्टेशन के समीप नई रेलवे पटरी के निर्माण कार्य के दौरान हुआ था। निर्माण स्थल पर रिटेनिंग वॉल का काम चल रहा था। इसी दौरान काम कर रहे मजदूर जयराज वलकुभाई कामलिया (22) के ऊपर अचानक सीमेंट की दीवार गिर गई। गंभीर रूप से घायल मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। प्राथमिक जांच में सामने आया कि निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड और माया एंटरप्राइजेज कंपनी के अधिकारियों पर थी। बावजूद इसके सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया। मामले में सेफ्टी मैनेजर नरेंद्रकुमार राधामोल शाहू, सेफ्टी सुपरवाइजर यतेश ब्रिजगोपाल सासवत और इंजीनियर अनिलकुमार गोरख प्रसाद सिंह के खिलाफ लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया है। शुरुआत में इस मामले में आकस्मिक मौत का प्रकरण दर्ज किया गया था। बाद में जांच के दौरान पर्याप्त सबूत मिलने पर कर्मचारी सोनाली विकम पाटील की शिकायत के आधार पर नारपोली पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया। इस प्रकरण की जांच पुलिस उपनिरीक्षक भरत नवले कर रहे हैं। फिलहाल तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट