नगर पंचायत क्षेत्र से रात्रि में गुजरने वाले वाहनों से जबरन वसूली का विडियो हो रहा वायरल, अधिकारी मौन
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- May 14, 2026
- 87 views
भभुआं मोड़ के पास रात में गुजरने वाले वाहनों से जबरन टैक्स लेने की पूर्व से आ रही शिकायत
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर:-- जिले के कुदरा नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत भभुआं मोड़ के पास से गुजरने वाले वाहनों से कथित रूप से अवैध वसूली किए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। रात के समय बाजार क्षेत्र से होकर गुजरने वाले छोटे-बड़े वाहनों से जबरन पैसे लेने का आरोप लगाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद भी प्रशासनिक अधिकारियों की मौन रहना सवालों के घेरे में।
बताया जा रहा है कि नगर पंचायत कुदरा भभुआं मोड़ के समीप बाजार इलाके में रात के समय कुछ लोग सड़क पर वाहनों को रोककर चालकों से पैसे की मांग करते हैं। वाहन चालकों का आरोप है कि पैसे नहीं देने पर उन्हें आगे बढ़ने से रोका जाता है, तथा दबाव बनाकर वसूली की जाती है। वायरल वीडियो में भी कुछ लोग सड़क किनारे खड़े दिखाई दे रहे हैं, जो वाहनों को रोकते नजर आ रहे हैं। हालांकि वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब वीडियो वायरल होने के बाद मामला खुलकर सामने आया है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम वाहन चालकों को राहत मिल सके।वाहन चालकों और स्थानीय व्यापारियों के बीच भी चर्चा का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों से आम जनता में भय का वातावरण बन रहा है और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। वरीय पदाधिकारियों को इस ओर ध्यान देना चाहिए। ऐसे देखा जाए तो कुदरा नगर पंचायत में अवैध वसूली का मामला पहले से भी चर्चा में रहा है।


रिपोर्टर