कैमूर में 4 केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई NEET परीक्षा 2026

रिपोर्ट संदिप कुमार


कैमूर:-- जिले में आयोजित NEET परीक्षा 2026 रविवार को पूर्णतः शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। परीक्षा जिले के चार निर्धारित केंद्रों पर आयोजित की गई, जहां प्रशासन की ओर से सुरक्षा और पारदर्शिता के व्यापक इंतजाम किए गए थे। जिले में कुल 1476 परीक्षार्थियों के शामिल होने की व्यवस्था थी, जिसमें से 1445 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 31 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जिलाधिकारी के निर्देशन में सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू रही। हर केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और फ्लाइंग स्क्वॉड की तैनाती की गई थी, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई हो सके। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों की सघन जांच (फ्रिस्किंग) की गई। साथ ही एडमिट कार्ड और पहचान पत्र का बारीकी से सत्यापन किया गया। केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं पर पूरी तरह रोक रही। भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, स्वच्छ शौचालय एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की थी, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) भी सक्रिय रखा गया, जहां से सभी केंद्रों की लगातार निगरानी की गई और किसी भी सूचना पर त्वरित प्रतिक्रिया दी गई। जिला प्रशासन ने बताया कि पूरी परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जिससे अभ्यर्थियों का भरोसा कायम रहा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट