डीएम ने 119 ए एन एच का स्थलीय निरीक्षण किया
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Apr 23, 2026
- 3 views
रोहतास।जिला पदाधिकारी, रोहतास उदिता सिंह द्वारा एनएच-119ए (सासाराम–आरा–पटना) परियोजना के अंतर्गत काराकाट अंचल में संचालित C&G कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्य की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी पाए जाने पर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की।
स्थल निरीक्षण में पाया गया कि कार्य स्थल पर मात्र एक ग्रेडर मशीन एवं चार जेसीबी मशीनों के माध्यम से कार्य किया जा रहा है, जिससे परियोजना की प्रगति प्रभावित हो रही है। जबकि गेहूं की फसल कटने के उपरांत अधिग्रहित रैयतों की भूमि कार्य हेतु उपलब्ध है। ऐसी स्थिति में कार्य में विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि रोहतास जिले में इस परियोजना की कुल लंबाई लगभग 40 किलोमीटर है, जिसमें अब तक मात्र करीब 8 किलोमीटर क्षेत्र में ही C&G कार्य पूर्ण किया गया है।
जिला पदाधिकारी ने परियोजना निदेशक, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (सासाराम) को निर्देशित किया कि कार्य में तेजी लाने के लिए अधिक संख्या में मशीनरी, उपकरण एवं कार्यबल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा हो सके।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सम्पूर्ण C&G कार्य को हर हाल में 30 अप्रैल 2026 तक पूर्ण किया जाए। साथ ही, पूर्ण किए गए मार्ग-रेखन पर फ्लाई ऐश डालने का कार्य जून 2026 के प्रथम सप्ताह तक सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि परियोजना निर्माण में अपेक्षित गति लाई जा सके।
जिला पदाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि कार्य की गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। सभी तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करते हुए कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। साथ ही, कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का भी पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया।


रिपोर्टर