महादलित बस्ती में भीषण अग्निकांड, छह घर जलकर राख — 25 लोग बेघर


रोहतास lदिनारा प्रखंड के बलिया पंचायत अंतर्गत ग्राम करमैनी स्थित महादलित बस्ती में अचानक लगी भीषण आग ने छह परिवारों का सब कुछ छीन लिया। इस दर्दनाक अग्निकांड में रविन्द्र पासवान, भोला पासवान, अमित पासवान, भगत पासवान, पिंटू पासवान और राजकुमार पासवान के घर पूरी तरह जलकर राख हो गए।

आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरा बस्ती इलाका धू-धू कर जल उठा। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक सभी घर और उसमें रखा सामान पूरी तरह नष्ट हो चुका था। इस हादसे के बाद पीड़ित परिवारों के सामने जीवनयापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है—न सिर छुपाने के लिए छत बची है, न खाने के लिए अनाज और न ही पहनने के लिए कपड़े।

घटना की सूचना मिलते ही बलिया पंचायत के मुखिया धर्मेन्द्र कुमार राय मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों का हाल जाना। उन्होंने तत्काल मानवीय पहल करते हुए प्रभावित लगभग 25 लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था कराई तथा रहने के लिए तिरपाल उपलब्ध कराया, ताकि पीड़ितों को अस्थायी राहत मिल सके।

हालांकि, आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से शीघ्र मुआवजा, राहत सामग्री और पुनर्वास की मांग की है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट