भिवंडी में डॉ अंबेडकर जुलूस मार्ग पर पुलिस ने किया रूट मार्च
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Apr 13, 2026
- 227 views
◾डीसीपी ने नेतृत्व में शहर के सभी आला अधिकारी रहे मौजूद
भिवंडी। भारतरत्न डॉ बाबासाहब अंबेडकर की जयंती के अवसर पर भिवंडी में निकलने वाले जुलूस को शांतिपूर्वक संपन्न कराने को लेकर पुलिस पूरी तरह तैयार है। जिसके मद्देनजर डीसीपी शशिकांत बोराटे के नेतृत्व में जुलूस मार्ग पर सोमवार की शाम पुलिस द्वारा रूट मार्च किया गया।जिसमे बड़े तादात में पुलिस व एसआरपी के जवान मौजूद रहे।
भिवंडी पुलिस उपायुक्त शशिकांत बोराटे के नेतृत्व में डॉ अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर कानून व्यवस्था को चाक चौबंद रखने के उद्देश्य से रूट मार्च किया गया। जो धामणकर नाका से शुरू होकर गैरीपाड़ा,धांगे अस्पताल,तीनबत्ती, कोटरगेट मस्जिद से होने हुए मनपा मुख्यालय के पास जाकर समाप्त हुआ।इस रूट मार्च में डीसीपी बोराटे के अलावा 2 सहायक पुलिस आयुक्त, शहर के सभी छहों पुलिस स्टेशनों के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक, 16 पुलिस अधिकारी, 185 पुलिस कर्मचारियों व महिला पुलिस के अलावा एसआरपी स्ट्रायकिंग, जोन 2 स्ट्रायकिंग, आर.सी.पी दस्ता शामिल थे।इससे पहले पुलिस की तत्परता व प्लैग मार्च के कारण शहरभर में हनुमान जयंती पूरे धूमधाम से शांतिपूर्वक मनाया गया।
◾जुलूस में 20 हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान-
--------------------------------------------------------
डीसीपी बोराटे ने बताया कि भारत रत्न डॉ अंबेडकर की जयंती भिवंडी में धूमधाम से मनाई जाती है।इस दिन अंबेडकर अनुवाइयों द्वारा धामनकर नाका से भव्य जुलूस व झांकी निकाली जाती है।जो पुलिस से रूट मार्च वाले मार्ग से होकर जाने के बाद मनपा मुख्यालय के पीछे डॉ अंबेडकर पुतले के पास समाप्त होता है।इसके अलावा शहर के विभिन्न हिस्सों से भी यहां जुलूस निकल कर आता है। अतिसंवेदनशील शहर भिवंडी में निकलने वाले जुलूस को शांतिपूर्वक संपन्न कराने को लेकर शहर में पुलिस ने चाकचौबंद इंतजाम किया है।जबकि डॉ अंबेडकर जुलूस को लेकर शहर भर में तरह तरह की तैयारी चल रही है।जगह जगह पर भारतरत्न की झांकी भी लगाई गई है।


रिपोर्टर