समृद्धि यात्रा में कैमूर को 300 करोड़ की सौगात, नीतीश कुमार का ‘जंगलराज’ पर तीखा हमला

कैमूर के नौघड़ा में जनसभा, सम्राट चौधरी ने हाईटेक जेल का किया ऐलान; विकास, रोजगार और सोलर योजना पर नीतीश कुमार के बड़े दावे

रिपोर्ट संदिप कुमार


कैमूर:- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ के तहत कैमूर जिला में विकास और राजनीति दोनों का रंग देखने को मिला। इस दौरान उनके साथ डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, वित्त मंत्री विजय चौधरी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान तथा प्रभारी मंत्री रामकृपाल यादव भी मौजूद रहे।कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड स्थित नौघड़ा गांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव और उनके शासनकाल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब थी और समाज में तनाव का माहौल रहता था। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार ने राज्य में शांति, कानून व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि पहले हिंदू-मुस्लिम विवाद आम बात थी और लोग शाम के बाद घर से निकलने में डरते थे, लेकिन अब राज्य में “जंगलराज” जैसी स्थिति समाप्त हो चुकी है। कब्रिस्तानों और मंदिरों की घेराबंदी कराकर विवादों को खत्म करने का भी उन्होंने उल्लेख किया। समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने कैमूर जिला के लिए लगभग 300 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया। इन योजनाओं में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। गौरतलब है कि समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री विभिन्न जिलों में विकास योजनाओं की समीक्षा और नई परियोजनाओं की शुरुआत कर रहे हैं । मुख्यमंत्री ने रोजगार के मुद्दे पर कहा कि उनकी सरकार अब तक 50 लाख युवाओं को रोजगार दे चुकी है और आने वाले पांच वर्षों में 1 करोड़ रोजगार सृजन का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने सड़कों के विस्तार, नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना और शिक्षकों की नियुक्ति को अपनी सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया।


बिजली और ऊर्जा के क्षेत्र में उन्होंने दावा किया कि राज्य के हर गांव तक बिजली पहुंच चुकी है। साथ ही सरकार घरों की छतों पर मुफ्त सोलर पैनल लगाने की योजना पर काम कर रही है, जिससे लोगों का बिजली खर्च कम या शून्य हो सकेगा। उन्होंने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग की भी सराहना की।इस मौके पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कैमूर की पहाड़ियों में एक अत्याधुनिक हाई-सिक्योरिटी जेल बनाने की घोषणा की, जहां खतरनाक अपराधियों और आतंकवादियों को रखा जाएगा। वहीं मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि भविष्य में भी बिहार की सरकार नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही चलेगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट