डीजे संचालक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या, NH-19 पर घंटों प्रदर्शन
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Mar 18, 2026
- 199 views
जिला संवाददाता संदिप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर:- बिहार के कैमूर जिले के पुसौली में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ अपराधियों ने एक डीजे संचालक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान बहेरा निवासी राजा कुमार गुप्ता के रूप में हुई है, जो पुसौली में रहकर अपना व्यवसाय चलाता था। इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और तनाव का माहौल है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के अनुसार, बीती रात करीब 9 से 10 की संख्या में लोग राजा कुमार के पास पहुँचे थे। उन्होंने डीजे बुक करने का बहाना बनाया और उसे अपने साथ ले गए। इसके बाद, पुसौली स्थित एक सरकारी स्कूल परिसर में ले जाकर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई, शोरगुल सुनकर परिजन जब पास पहुंचे तो अपराधियों ने उन्हें भी धमकी देते हुए फरार हो गए। परिजनों द्वारा इलाज हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरा पहुंचाया गया, जहां से स्थिति को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों द्वारा सदर अस्पताल भभुआंं के लिए स्थानांतरित कर दिया गया, जहां जांच के क्रम में चिकित्सकों द्वारा मृत पाया गया। जिसकी सूचना मिलने के बाद प्रशासन द्वारा शव को कब्जे में लेते हुए अंतिम परीक्षण कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजन जब शव लेकर पुसौली पहुंचे तो सैकड़ों की संख्या में आक्रोशित लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-19) पर शव रखकर जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और घंटों आवागमन बाधित रहा।
घटना की सूचना मिलते ही मोहनियां एसडीपीओ (SDPO) भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अभिषेक कुमार समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल पर FSL की टीम को बुलाया गया, जिसने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की तहकीकात की जा रही है और शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।


रिपोर्टर