विधवा महिलाओं को न्याय दिलाने हेतु जागरूकता शिविर, निःशुल्क विधिक सहायता की दी गई जानकारी
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 12, 2026
- 31 views
ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट
शिवहर ----जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में तरियानी प्रखंड के पचरा गांव में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। शिविर का मुख्य विषय था— "शेल्टर होम में रह रही विधवा महिलाओं के लिए न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना।"
कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता अर्जुन कुमार एवं पीएलवी सुधाकर कुमार सिंह ने ग्रामीणों और महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, भरण-पोषण संबंधी प्रावधानों तथा सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार के शोषण, उत्पीड़न या अधिकारों के हनन की स्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त की जा सकती है।
पीएलवी सुधाकर कुमार सिंह ने विधवा महिलाओं के प्रति समाज की जिम्मेदारी पर बल देते हुए कहा कि कानूनी जागरूकता ही कमजोर एवं वंचित वर्गों को न्याय और सम्मान दिलाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
वक्ताओं ने ग्रामीणों को बताया कि डीएलएसए, शिवहर सिविल कोर्ट के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक परामर्श एवं सरकारी अधिवक्ता की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं एवं ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों की विधिक जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।


रिपोर्टर