डेहरी में गैस सिलेंडर को लेकर लंबी कतारों से लोग परेशान
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Mar 14, 2026
- 28 views
संवाददाता पारसनाथ दुबे
डिहरी आनसोन रोहतास।खाड़ी देशों में उत्पन्न परिस्थितियों के कारण एलपीजी गैस की आपूर्ति पर पड़ रहे प्रभाव का असर अब देश के कई राज्यों के साथ-साथ बिहार में भी देखने को मिल रहा है। खासकर उत्तर भारत के राज्यों में गैस की उपलब्धता को लेकर उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिहार के डेहरी-ऑन-सोन में भी एलपीजी गैस की भारी किल्लत देखी जा रही है, जहां गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों को लंबी कतारों में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। जिला प्रशासन द्वारा गैस आपूर्ति को लेकर समय-समय पर एडवाइजरी जारी की जा रही है। वहीं राज्य सरकार और केंद्र सरकार की ओर से लगातार यह आश्वासन दिया जा रहा है कि एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। इसके बावजूद उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे आम लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने भी अपनी ओर से एडवाइजरी जारी कर बताया है कि राज्य में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति को सुचारु रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इस बीच राजधानी पटना स्थित प्रसिद्ध महावीर मंदिर में भी गैस की कमी का असर देखने को मिला है। मंदिर के सचिव आचार्य कुणाल किशोर के पुत्र सायन कुणाल ने मीडिया से बातचीत में बताया कि गैस की कमी के कारण मंदिर में बनने वाले नैवेद्यम प्रसाद की तैयारी में कठिनाई आ रही है। उन्होंने बताया कि आगामी रामनवमी को देखते हुए पटना महावीर मंदिर ट्रस्ट ने गुजरात की एक निजी कंपनी से इंडक्शन चूल्हे खरीदने का निर्णय लिया है, ताकि प्रसाद बनाने की व्यवस्था बाधित न हो।
रामनवमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में प्रसाद ग्रहण करते हैं, ऐसे में मंदिर ट्रस्ट के सामने प्रसाद की पर्याप्त व्यवस्था करना एक बड़ी चुनौती बन गया है। उल्लेखनीय है कि इसी ट्रस्ट द्वारा अयोध्या स्थित राम मंदिर में भी श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क भोजन की व्यवस्था कराई जाती है। फिलहाल वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए संध्या भोग की कुछ व्यवस्थाओं को अस्थायी रूप से बंद किया गया है।गैस की किल्लत का असर केवल घरेलू उपभोक्ताओं तक ही सीमित नहीं है, बल्कि होटल और रेस्टोरेंट व्यवसाय भी इससे प्रभावित हो रहे हैं। प्रशासन द्वारा कई रेस्टोरेंट और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर रोक लगाई जा सके। डेहरी-ऑन-सोन, सासाराम, रोहतास, बिक्रमगंज सहित कई इलाकों में गैस की भारी किल्लत देखी जा रही है। फिलहाल यह देखना अहम होगा कि राज्य सरकार और प्रशासन इस स्थिति से कैसे निपटते हैं और आम लोगों को गैस की समस्या से कब तक राहत मिल पाती है।


रिपोर्टर