घरेलू गैस के इस्तेमाल पर छापेमारी, 4 होटलों पर प्राथमिकी दर्ज

रोहतास। अनुमंडल पदाधिकारी, बिक्रमगंज के नेतृत्व में बीते रातको प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारी, बिक्रमगंज ,प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारी,संझौली एवं स्थानीय पुलिस बल के साथ रात्रि 09:00 बजे से 10:00 बजे के बीच बिक्रमगंज नगर क्षेत्र के विभिन्न होटल एवं प्रतिष्ठानों में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग के विरुद्ध औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।

निरीक्षण के क्रम में कई होटल / प्रतिष्ठानों की जांच की गई। जांच के दौरान 4 होटल / प्रतिष्ठानों के संचालकों द्वारा घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किया जाना पाया गया, जो कि एलपीजी (विनियमन) आदेश, 2000 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के प्रावधानों के विरुद्ध है। उक्त प्रतिष्ठानों से प्राप्त कुल 9 घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों को जब्त कर बिक्रमगंज थाना में सुरक्षित रखा गया है तथा संबंधित संचालकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

गौरतलब है कि पूर्व में भी इस प्रकार के मामलों में अनुमंडल प्रशासन द्वारा कड़ी कार्रवाई की गई है। दिनांक 21.08.2025 को 04 होटल संचालकों के विरुद्ध घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करने के आरोप में प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारी, बिक्रमगंज द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसी प्रकार दिनांक 26.08.2025 को भी 03 होटल संचालकों के विरुद्ध इस प्रकार के कृत्य के लिए प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

इसके अतिरिक्त राजपुर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ,राजपुर के द्वारा एक व्यक्ति के विरुद्ध अफवाह फैलाकर एलपीजी गैस की कृत्रिम कमी (Artificial Shortage) उत्पन्न करने के प्रयास के संबंध में भी कार्रवाई की गई है।

अनुमंडल पदाधिकारी, बिक्रमगंज द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वर्तमान में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। अतः किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा घबराहट में अतिरिक्त सिलेंडरों की खरीद (Panic Buying) अथवा जमाखोरी (Hoarding) न करें। ऐसा करना आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत दंडनीय है और दोषी पाए जाने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है तथा ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आगे भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेंगे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट