ट्रैफिक जाम पर महापौर का अल्टीमेटम, भारी वाहनों को रोकने की चेतावनी

पालिका प्रशासन और पुलिस को संयुक्त कार्ययोजना बनाने के निर्देश...

भिवंडी। शहर में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक जाम की समस्या को लेकर भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका के महापौर नारायण चौधरी ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन और यातायात पुलिस को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ठोस और संयुक्त समाधान नहीं निकाला गया तो वे स्वयं सड़कों पर उतरकर शहर में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों को रोकेंगे। महापौर की अध्यक्षता में आयोजित एक अहम बैठक में विधायक महेश चौघुले, पालिका आयुक्त अनमोल सागर और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में महापौर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मौजूदा योजनाएं यातायात व्यवस्था सुधारने में नाकाम साबित हुई हैं। महापौर ने कहा कि अनधिकृत रिक्शा और वाहनों पर कार्रवाई तो होती है, लेकिन उन्हें रखने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं है। शहर में पार्किंग ज़ोन की कमी, सड़कों पर फेरीवालों का कब्जा, अधूरी और खोदी गई सड़कें तथा भारी वाहनों के लिए फ्लाईओवर बंद होना ट्रैफिक जाम के प्रमुख कारण हैं। उन्होंने बिना परमिट चल रहे अवैध रिक्शों को बड़े पैमाने पर जब्त करने और उनके लिए पालिका की ओर से स्थान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अब से किसी भी सड़क की खुदाई के लिए यातायात पुलिस की पूर्व अनुमति अनिवार्य होगी। इसके अलावा जब्त वाहनों को रखने के लिए भोईवाडा थाना क्षेत्र में स्थान उपलब्ध कराया जाएगा, जिसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी नगर निगम संभालेगा। महापौर नारायण चौधरी ने कहा, “शहर को जाममुक्त करना पुलिस और नगर निगम दोनों की साझा जिम्मेदारी है। खासकर दिन के समय शहर में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों पर रोक जरूरी है। यदि इसमें लापरवाही बरती गई तो हम खुद बैरिकेडिंग लगाकर भारी वाहनों का रास्ता रोक देंगे।” बैठक में उपमहापौर तारिक मोमिन, सहायक पुलिस आयुक्त शरद ओव्हाल, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक किशोर खरात, सुधाकर यादव, अशोक रत्नपारखी सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के कार्यकारी अभियंता और सहायक आयुक्त मौजूद रहे। शहरवासियों को अब प्रशासन की अगली कार्रवाई का इंतजार है, क्योंकि ट्रैफिक जाम की समस्या से आमजन को रोजाना जूझना पड़ रहा है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट