भिवंडी में पानी चोरों पर मनपा की बड़ी कार्रवाई

5.67 लाख की चोरी उजागर, दो जगह छापेमारी

2 पर केस, एक साल में 115 अवैध कनेक्शन काटे


भिवंडी। भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका का जलापूर्ति विभाग इन दिनों पानी चोरी के खिलाफ एक्शन मोड में है। विभाग ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में छापेमारी कर दो अवैध नल कनेक्शन तोड़ते हुए 5.67 लाख रुपये की पानी चोरी का पर्दाफाश किया है। दोनों मामलों में संबंधित आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। जलापूर्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता संदीप पटनावर के नेतृत्व में पाइपलाइन सुरक्षा और पानी चोरी पर अंकुश लगाने के लिए 7 सदस्यीय विशेष टीम गठित की गई है। पथक प्रमुख के रूप में क्लर्क विराज भोईर को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नाशिक रोड पर 99 हजार की चोरी पकड़ी...

टीम को सूचना मिली थी कि नाशिक रोड स्थित अवचितपाड़ा इलाके में मेराज खलील अहमद शेख ने बिना अनुमति मनपा की पाइपलाइन में छेड़छाड़ कर आधा इंच का अवैध कनेक्शन जोड़ रखा है। जांच में सामने आया कि इस कनेक्शन के जरिए सर्विसिंग सेंटर को पानी की सप्लाई दी जा रही थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर कनेक्शन तत्काल खंडित किया और शांतिनगर पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया। इस अवैध कनेक्शन से मनपा को अब तक 99,400 रुपये का नुकसान हुआ था।

टेम्पो से हो रही थी पानी की सप्लाई......

दूसरी कार्रवाई 4 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे नारपोली स्थित चौथानी कंपाउंड में की गई। यहां मुन्नवर नसीम खान द्वारा बिना अनुमति पाइपलाइन में एक इंच व्यास के दो अवैध कनेक्शन लेने का मामला सामने आया। जांच में पता चला कि गोदाम में 5000 लीटर क्षमता की 7 टंकियों में पानी जमा कर पंप के माध्यम से मिनीडोर वाहन में भरकर होटल, डाइंग और साइजिंग इकाइयों को सप्लाई किया जा रहा था। टीम ने मौके से 7 टंकियां, 3 मोटर और एक सबमर्सिबल पंप जब्त किया। इस मामले में मनपा को करीब 4.68 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

एक साल में 115 अवैध कनेक्शन काटे......

जलापूर्ति विभाग के अनुसार पिछले एक वर्ष में 115 अवैध नल कनेक्शन खंडित किए गए हैं। साथ ही 31 लोगों के खिलाफ पानी चोरी के मामले दर्ज कराए गए हैं। दोनों ताजा मामलों में शांतिनगर और नारपोली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 324(4), 326(अ) और 303(2) के तहत केस दर्ज किया है। कार्यकारी अभियंता संदीप पटनावर ने कहा कि अवैध कनेक्शन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। मनपा की सख्ती के बाद पानी चोरों और माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट