महापौर नारायण रतन चौधरी ने 50 बेड वाले बीजीपी अस्पताल का किया निरीक्षण
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Mar 05, 2026
- 3 views
गरीबों को बेहतर और त्वरित इलाज देने के निर्देश, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
भिवंडी। भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका के मंडई स्थित 50 बेड क्षमता वाले बीजीपी हॉस्पिटल (यूसीएचसी) का सोमवार सुबह 11 बजे महापौर नारायण रतन चौधरी ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं, उपलब्ध सुविधाओं और मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत जानकारी ली।महापौर ने अधिकारियों से कहा कि शहर के गरीब और जरूरतमंद नागरिकों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराना प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि इलाज में किसी भी प्रकार की देरी, लापरवाही या अनावश्यक टालमटोल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी स्तर पर ढिलाई पाई गई तो संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान महापौर ने ओपीडी, वार्ड, दवाओं की उपलब्धता, उपकरणों की स्थिति और साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत कर अस्पताल की सेवाओं के बारे में फीडबैक लिया। इस अवसर पर महानगरपालिका के मुख्य वैद्यकीय अधिकारी डॉ. संदीप गाडेकर, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. विद्या शेट्टी, अतिरिक्त शहर अभियंता सचिन नाईक, कार्यकारी अभियंता (पानी आपूर्ति) संदीप पटनावर, कार्यकारी अभियंता (विद्युत) काजी एवं वाघमारे, प्रभाग समिति क्रमांक 5 के प्रभाग अधिकारी सईद चिवणे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। शहर के चिकित्सा क्षेत्र के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. नुरुद्दीन अंसारी और डॉ. अर्शद भी इस दौरान उपस्थित थे।
महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है और इसके लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए नियमित निरीक्षण और मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।


रिपोर्टर