भिवंडी में रमजान के दौरान स्वच्छता बनाए रखने की अपील

नियमों का पालन नहीं करने पर होगी कार्रवाई


भिवंडी। भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका के घनकचरा व्यवस्थापन विभाग ने रमजान ईद के अवसर पर शहर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए नागरिकों और व्यापारियों से विशेष सहयोग की अपील की है। महानगरपालिका क्षेत्र में 18 फरवरी 2026 से 23 मार्च 2026 तक रमजान का पर्व मनाया जा रहा है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने स्वच्छता संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मनपा प्रशासन ने मुस्लिम समुदाय सहित सभी नागरिकों को रमजान की शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि त्योहार को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण में मनाने के लिए सभी को अपने-अपने क्षेत्र में साफ-सफाई बनाए रखना आवश्यक है। जारी निर्देशों के अनुसार प्रभाग समिति क्रमांक 1 से 5 के अंतर्गत बाजार क्षेत्रों में सभी हाथगाड़ी विक्रेताओं और व्यापारियों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखना अनिवार्य किया गया है। साथ ही कचरा केवल महानगरपालिका की घंटागाड़ी या निर्धारित स्थानों पर ही डालने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकना, कचरा जलाना या खुले स्थानों पर गंदगी फैलाना प्रतिबंधित रहेगा। प्लास्टिक थैलियों और प्रतिबंधित सामग्री के उपयोग से बचने की भी अपील की गई है। पशु अवशेषों को महानगरपालिका द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही जमा करना होगा। हाथगाड़ी विक्रेताओं को सार्वजनिक स्थानों पर ज्वलनशील गैस का उपयोग करने से पहले स्थानीय प्रभाग कार्यालय या अग्निशमन विभाग से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ घनकचरा प्रबंधन नियमों के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। मनपा प्रशासन ने नागरिकों से नमाज स्थलों, बाजारों और सड़क क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही लोगों से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने और स्वच्छ शहर अभियान में भागीदारी करने का आग्रह किया गया है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट