जगजीवन स्टेडियम में लगा भव्य नियोजन मेला, 346 युवाओं को मिला रोजगार का अवसर; डीएम ने किया उद्घाटन
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Feb 19, 2026
- 4 views
रिपोर्ट संदिप कुमार
कैमूर- बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के निर्देशानुसार गुरुवार (19 फरवरी, 2026) को भभुआ स्थित जगजीवन स्टेडियम में एक दिवसीय 'जिला स्तरीय नियोजन-सह-व्यवसायिक मार्गदर्शन मेला' का सफल आयोजन किया गया। मेले में जिले भर से आए 1444 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 346 युवाओं को विभिन्न कंपनियों द्वारा शॉर्टलिस्ट या चयनित किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि और कैमूर के जिला पदाधिकारी (डीएम) नितिन कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) दिव्या शक्ति, जिला वन प्रमण्डल पदाधिकारी, वरीय उप महालेखाकार, सहायक महालेखाकार और जिला नियोजन पदाधिकारी दिनेश तिवारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नितिन कुमार सिंह ने उपस्थित युवाओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मेले युवाओं के लिए रोजगार पाने का बेहतरीन मंच हैं। डीएम ने सरकार द्वारा चलाई जा रही महत्वकांक्षी योजनाओं जैसे- कुशल युवा कार्यक्रम (KYP), स्वयं सहायता भत्ता योजना और बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने भविष्य को उज्ज्वल और आत्मनिर्भर बनाएं।
जिला नियोजन पदाधिकारी दिनेश तिवारी ने मेले के आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि मेले में विभिन्न नियोजकों (कंपनियों) के पास कुल 1000 रिक्तियां उपलब्ध थीं। रोजगार की तलाश में पहुंचे 1444 अभ्यर्थियों में से 695 ने अपना बायोडाटा जमा किया। साक्षात्कार और स्क्रीनिंग के बाद कुल 346 अभ्यर्थियों को नियोजकों द्वारा शॉर्टलिस्ट किया गया। मेले में केवल नौकरी ही नहीं, बल्कि करियर संवारने की राह भी दिखाई गई। डी.आर.सी.सी. (DRCC), आई.टी.आई., आरसेटी (RSETI) और आत्मा जैसे विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों के माध्यम से 1050 आवेदकों को करियर मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम के समापन से पूर्व, जिला पदाधिकारी एवं अन्य वरीय अधिकारियों ने पूर्व से चयनित 25 लाभुकों को स्वरोजगार हेतु 'टूल-किट' प्रदान किए, ताकि वे अपना खुद का व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकें।


रिपोर्टर