पैसा डबल करने का झांसा देकर 6.5 लाख की ठगी, गिरोह का मुख्य सरगना गिरफ्तार

रिपोर्ट संदिप कुमर


कैमूर। जिले की पुलिस ने पैसा डबल करने का लालच देकर साढ़े छह लाख रुपये की ठगी करने वाले एक अंतराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रविन्द्र प्रजापति के रूप में हुई है।


भभुआ एसडीपीओ मनोरंजन भारती ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सोनहन थाना क्षेत्र के खनेठी गांव निवासी हरिवंश सिंह के पुत्र रामसेवक सिंह ने 15 फरवरी को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, 30 जनवरी को कुछ अनजान लोगों ने जमीन खरीद-बिक्री के बहाने उनसे संपर्क किया। बातचीत के दौरान ठगों ने उन्हें 500 रुपये के नोट को डबल करने का झांसा दिया। आरोपियों ने पीड़ित को उजले नोटों का बंडल दिखाते हुए कहा कि इसे पानी से साफ करने पर यह 500 के असली नोट बन जाते हैं।


झांसे में आकर रामसेवक सिंह ने उन्हें साढ़े छह लाख रुपये दे दिए। पैसे हाथ में आते ही ठगों ने अचानक पुलिस के आने का शोर मचाया और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर पीड़ित के असली पैसे लेकर फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के मुख्य सरगना रविन्द्र प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया। एसडीपीओ मनोरंजन भारती ने आम लोगों से अपील की है कि वे ऐसे ठगों के बहकावे में न आएं। उन्होंने कहा कि पैसा डबल करने का कोई जादुई फॉर्मूला नहीं होता, इसके लिए कड़ी मेहनत ही एकमात्र रास्ता है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट