भिवंडी में दो गुटों में मारपीट और पथराव, कई आरोपी नामजद
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Feb 09, 2026
- 107 views
पुलिस ने दर्ज किए अलग-अलग मामले
भिवंडी। शहर के भाग्यनगर -कामतघर इलाके में आपसी विवाद के चलते दो गुटों के बीच जमकर मारपीट और पथराव की घटना सामने आई है। इस मामले में भिवंडी शहर पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग अपराध दर्ज किए हैं। पुलिस ने नामजद आरोपियों समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहली शिकायत सिद्धांत अशोक पाईकराव ने कामतघर ने दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया है कि 7 फरवरी 2026 की रात करीब 10:30 बजे चौधरी चौक, भाग्यनगर इलाके में चेतन सरदार, लवकेश वरगट, ऋषिकेश बरगट, माने, प्रतिक चायनीज वाला,बबल्या बोडवे,दादु, और उनके साथ मौजूद 20 से 25 अज्ञात लोगों ने मिलकर उन पर हमला किया। आरोप है कि हमलावरों ने लकड़ी और पत्थरों से मारपीट की, जिससे शिकायतकर्ता घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है। वहीं, दूसरी ओर भाजी विक्रेता अभिषेक राम अवतार वर्मा (20) ने भी शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उसी दिन यशवंत चौधरी चौक इलाके में सिद्धांत अशोक पाईकराव ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस शिकायत पर भी अलग से मामला दर्ज किया है। सुत्रो के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था, जो अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। भिवंडी शहर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और सभी आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच संबंधित पुलिस अधिकारी कर रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


रिपोर्टर