जापान से आए 100 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष से की मुलाकात
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Feb 08, 2026
- 31 views
संवाददाता पवन कुमार की रिपोर्ट
बोधगया-- शुक्रवार की शाम बोधगया के एक होटल में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार से जापान के क्योतो शहर की सबसे प्राचीन बौद्ध मठ के मुख्य पुजारी इजेन ओनिसी के नेतृत्व में आए 100 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने डॉ. प्रेम कुमार को खादा पहनाकर एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।
माननीय विधानसभा अध्यक्ष ने जापान से आए सभी अतिथियों का बोधगया आगमन पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार सरकार की मंशा है कि आने वाले दिनों में बोधगया को क्योतो जैसे सुव्यवस्थित और विकसित शहर के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि भारत और जापान के बीच ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संबंध अत्यंत मजबूत हैं, और भविष्य में अधिक से अधिक जापानी श्रद्धालु भगवान बुद्ध के दर्शन हेतु बोधगया आएं, यही हमारी कामना है।डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि भारत सरकार द्वारा महाबोधि कॉरिडोर की घोषणा की गई है, जिसके अंतर्गत बोधगया एवं आसपास स्थित भगवान बुद्ध से जुड़े स्थलों का समग्र विकास किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य बोधगया को विश्व शांति का संदेश देने वाले एक आदर्श शहर के रूप में स्थापित करना है, जो पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
इस अवसर पर जापानी प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष को जापान आने का आमंत्रण भी दिया।प्रतिनिधिमंडल के व्यवस्थापक सहोजि कोयामा, ताकाहीरा कोयामा एवं जिमी ने भावुक होते हुए कहा कि बोधगया आकर वे सभी स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं। उन्होंने भारत सरकार एवं बिहार सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना भी की।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ।


रिपोर्टर