कला/विज्ञान प्रदर्शनी सह फन फेट एवं मिलेट्स शो का भव्य आयोजन
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Feb 01, 2026
- 111 views
संवाददाता पारस नाथ दुबे
डेहरी ऑन सोन (रोहतास)।आर एस के पब्लिक स्कूल बस्तीपुर, डेहरी में रविवार 1 फरवरी 2026 को कला/विज्ञान प्रदर्शनी सह फन फेट एवं मिलेट्स शो का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में विद्यालय के कक्षा प्ले से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, नवाचार और रचनात्मकता का अद्भुत प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में विज्ञान प्रदर्शनी में 300 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया, वहीं फन फेट में 250 से अधिक तथा आर्ट-क्राफ्ट शो में 100 से अधिक विद्यार्थियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में विज्ञान, गणित, कला एवं साहित्य से जुड़े आकर्षक प्रोजेक्ट्स और मॉडल्स ने अभिभावकों व आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि मनोज कुमार सिंह ‘अज्ञानी’ (अध्यक्ष, बार एसोसिएशन डेहरी अनुमंडल), विधायक राजीव कुमार रंजन उर्फ़ सोनू सिंह (डेहरी विधानसभा), राधा शांता कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अशोक कुमार एवं पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. विकास कुमार द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।
विज्ञान प्रदर्शनी के विशेष आकर्षण
प्रदर्शनी में इसरो की उपलब्धियों को दर्शाता मॉडल, चंद्रयान-3, न्यूक्लियर रिएक्टर पावर प्लांट, एनर्जी एफिशिएंट स्मार्ट सिटी, सोलर पावर इरिगेशन सिस्टम, एयर पॉल्यूशन कंट्रोल, ट्रैफिक मैनेजमेंट सोलर सिस्टम, ऑटो एवं लेजर आधारित फायर एक्सटिंग्विशर, लेयर ऑफ एटमॉस्फेयर, डे एंड नाइट का वर्किंग मॉडल, बनारस शहर की आध्यात्मिक संस्कृति को दर्शाता मॉडल, गर्ल चाइल्ड प्रोटेक्शन मॉडल सहित अनेक नवाचारी प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत किए गए।
बच्चों की लेखन एवं प्रस्तुति क्षमता को दर्शाने हेतु फेयर नोट्स की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे अभिभावकों से विशेष सराहना मिली।
नवाचार की मिसाल बने छात्र वारिस अख्तर
इस अवसर पर कक्षा नौवीं के छात्र वारिस अख्तर का प्रोजेक्ट विशेष चर्चा का विषय रहा। उन्होंने इसरो की पूरी यात्रा—अतीत, वर्तमान और भविष्य—को दर्शाने वाला एक प्रभावशाली मॉडल प्रस्तुत किया। साथ ही उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक वुमन सेफ्टी डिवाइस भी विकसित किया, जो आपात स्थिति में त्वरित सहायता दिलाने में सहायक है।
वारिस अख्तर ने कहा कि आज देश को नवाचार और वैज्ञानिक सोच की सबसे अधिक आवश्यकता है तथा भारत की प्रगति के लिए अनुसंधान एवं विकास (R&D) बजट में वृद्धि आवश्यक है। उनके इस सराहनीय प्रयास के लिए विधायक सोनू सिंह ने उन्हें सम्मानित किया।
फन फेट और मिलेट्स शो ने बढ़ाया उत्साह
फन फेट एवं मिलेट्स शो में पोषण के महत्व पर आधारित स्वादिष्ट व्यंजनों का आयोजन किया गया, जिसका प्रधानाचार्य, शिक्षक, अभिभावक एवं विद्यार्थियों ने भरपूर आनंद लिया।
विद्यालय के निदेशक आनंद सिंह ने विद्यार्थियों को उनकी मेहनत और प्रतिभा के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों को अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन का मंच देना तथा उनमें वैज्ञानिक, सांस्कृतिक और कलात्मक सोच का विकास करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं।
हजारों की संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने इस भव्य आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। कार्यक्रम में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बनता था और सभी ने इस आयोजन को यादगार बताया।


रिपोर्टर