नगर आयुक्त नहीं पहुंचे, प्रस्तावों पर नहीं हो सका निर्णय, बोर्ड की बैठक स्थगित, अब 11 फरवरी को होगी अगली बैठक
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Feb 01, 2026
- 37 views
संवाददाता प्रेम कुमार की रिपोर्ट
गया-- नगर निगम कार्यालय सभागार में आयोजित नगर निगम बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया की अनुपस्थिति के कारण स्थगित कर दी गई। बैठक मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान की अध्यक्षता में प्रारंभ हुई थी, लेकिन नगर आयुक्त के किसी कारणवश उपस्थित नहीं हो पाने से इसे आगे नहीं बढ़ाया जा सका।बैठक का संचालन कर रहे सशक्त स्थायी समिति के सदस्य अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की घोषणा के बाद लागू आदर्श आचार संहिता के पश्चात यह वर्तमान नगर आयुक्त के समक्ष पहली बोर्ड बैठक थी। आचार संहिता के बावजूद नगर निगम से जुड़े नियमित कार्यों और विकास योजनाओं पर चर्चा के उद्देश्य से बैठक बुलाई गई थी।बैठक में डिप्टी मेयर चिंता देवी सहित वार्ड पार्षद एवं सशक्त स्थायी समिति के सदस्य मनोज कुमार, चुन्नू खान, विनोद यादव, नैय्यर अहमद, दीपक कुमार, संजय सिन्हा, जया देवी, अनुपमा कुमारी, राफिया गजाला, सारिका वर्मा, सोनी देवी, चंचला देवी, तबसूम प्रवीण, अंजलि कुमारी समेत कई पार्षद उपस्थित थे। सभी पार्षद अपने-अपने वार्ड से जुड़ी समस्याओं, योजनाओं और लंबित विकास कार्यों को बैठक में रखने की तैयारी के साथ पहुंचे थे।हालांकि नगर आयुक्त के मुख्यालय से बाहर रहने के कारण वे बैठक में शामिल नहीं हो सके, जिससे प्रस्तावों पर अंतिम निर्णय नहीं लिया जा सका। मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि नियमों के अनुसार नगर आयुक्त की उपस्थिति में ही बोर्ड के प्रस्तावों को विधिसम्मत स्वीकृति दी जा सकती है।बैठक में मौजूद कई पार्षदों ने नगर आयुक्त की अनुपस्थिति पर असंतोष व्यक्त किया और बैठक स्थगित करने का सुझाव दिया। सभी की सहमति के बाद बैठक को स्थगित करने का निर्णय लिया गया।इसके साथ ही तय किया गया कि नगर निगम बोर्ड की अगली बैठक आगामी 11 फरवरी को पुनः आयोजित की जाएगी। उम्मीद जताई जा रही है कि अगली बैठक में सभी लंबित प्रस्तावों और विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा।


रिपोर्टर