बरसठी पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग की आशंका में कुल 14 अभियुक्तों को किया गिरफ्तार
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Jan 22, 2026
- 175 views
बरसठी (जौनपुर)। पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बरसठी पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में कुल 14 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार ग्राम भगवानपुर निवासी भैयालाल सरोज (45) एवं विजय कुमार सरोज (46) के बीच जमीन संबंधी विवाद को लेकर कहासुनी हो रही थी। विवाद बढ़ने पर अमादा फौजदारी की स्थिति उत्पन्न होने पर उप निरीक्षक राजकुमार वर्मा ने दोनों को धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लिया।
इसी क्रम में ग्राम रसूलहाँ निवासी प्रवीण पटेल (30), संतराजी देवी (58), आशीष कुमार पटेल (32) तथा कमला देवी (59) बच्चों के विवाद को लेकर आमने-सामने आ गए। शांति भंग की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सभी को हिरासत में लिया।
वहीं ग्राम दाऊदपुर निवासी लालजी यादव (58), बीरू यादव (22), रामजी यादव (55) एवं विजय कुमार यादव (26) जमीन विवाद को लेकर थाना पहुंचे थे, जहां बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई। स्थिति बिगड़ने की आशंका पर उप निरीक्षक अजय कुमार तिवारी ने चारों को धारा 170/126/135 बीएनएसएस में गिरफ्तार किया।
इसके अतिरिक्त मु0अ0सं0 11/2026 धारा 191(2), 115(2), 352, 351(3) बीएनएस एवं 3(2)(व) एससी/एसटी एक्ट से संबंधित अभियुक्त राज विश्वकर्मा (19) निवासी ग्राम मैनपुर, शिवम सरोज (18) निवासी ग्राम मेजा, समीर (19) निवासी ग्राम मेजा तथा आकाश यादव (18) निवासी ग्राम काजीपुर थाना मड़ियाहूं को नोटिस तामिला हेतु थाना बरसठी लाया गया था। नोटिस पर हस्ताक्षर करने से इनकार करते हुए उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया, जिस पर उप निरीक्षक ओमप्रकाश पाण्डेय ने चारों को धारा 170/126/135 बीएनएसएस में पुलिस हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सभी 14 अभियुक्तों का चालान कर संबंधित न्यायालय भेज दिया गया है। कार्रवाई टीम में उप निरीक्षक राजकुमार वर्मा, उप निरीक्षक अजय कुमार तिवारी, उप निरीक्षक ओमप्रकाश पाण्डेय, हेड कांस्टेबल अखिलेश कुमार यादव, हेड कांस्टेबल राजकुमार यादव, हेड कांस्टेबल अजय कुमार यादव एवं महिला कांस्टेबल अनुपमा सिंह शामिल रहीं।


रिपोर्टर