भगवानपुर पुलिस विभिन्न मामलों में नौ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर भेजा न्यायिक हिरासत में
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jan 11, 2026
- 60 views
अनुमंडल संवाददाता सिंगासन सिंह यादव की रिपोर्ट
भगवानपुर (कैमूर)- भभुआ अनुमंडल क्षेत्र के भगवानपुर थाना क्षेत्र से पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल नौ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस संबंध में भगवानपुर थाना अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि भगवानपुर थाना कांड संख्या 5/2026, दिनांक 10 जनवरी 2026 के तहत दर्ज मामले में कई अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 115(2), 109(1), 303(2), 352, 351(3) एवं 3(5) के अंतर्गत दर्ज किया गया था।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि इस कांड के प्राथमिक अभियुक्त राम दुलार राम, पिता स्वर्गीय सखिया राम, के साथ-साथ राजेश राम, जीतन राम, बैजू राम एवं मोहित राम, सभी पिता राम दुलार राम, निवासी ग्राम भैरोपुर, थाना भगवानपुर, जिला कैमूर को गिरफ्तार किया गया है। इसके अतिरिक्त कांड संख्या 124/23 के नामजद अभियुक्त चंदेश्वर राम, पिता स्वर्गीय भिखारी राम, निवासी ग्राम तुर्की, थाना कुदरा, जिला कैमूर को उनके घर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने शराब के नशे में भी तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें अजय शर्मा, पिता बाबूलाल शर्मा, निवासी ग्राम ओरगांव, थाना भगवानपुर, पीयूष कुमार, पिता स्वर्गीय सतेंद्र सिंह, निवासी ग्राम भैरोपुर, थाना भगवानपुर तथा प्रभाकर कुमार, पिता स्वर्गीय वाला सिंह, निवासी ग्राम शिवो, थाना भभुआ शामिल हैं। इन तीनों को ग्राम भैरोपुर एवं ओरगांव से शराब के नशे की हालत में पकड़ा गया।
सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को भगवानपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल जांच कराने के बाद भभुआ न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


रिपोर्टर