थाना दिवस पर एसडीएम व सीओ की बड़ी कार्रवाई, 5 में से 3 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

बरसठी (जौनपुर)। शनिवार को थाना बरसठी परिसर में आयोजित थाना दिवस के दौरान प्रशासन की सक्रियता देखने को मिली। इस दौरान उपजिलाधिकारी नवीन कुमार एवं क्षेत्राधिकारी परमानंद कुशवाहा ने स्वयं उपस्थित रहकर फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई कराई।

थाना दिवस में कुल 5 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। एसडीएम एवं सीओ ने मौके पर ही राजस्व टीम, थाना प्रभारी तथा संबंधित कर्मचारियों के साथ प्रकरणों की जांच कराई। पक्ष एवं विपक्ष को आमने-सामने बैठाकर सुनवाई की गई, जिसके बाद 3 शिकायतों का तत्काल निस्तारण करा दिया गया। मौके पर समाधान मिलने से फरियादियों के चेहरों पर संतोष दिखाई दिया।

शेष 2 शिकायतों के संबंध में अधिकारियों ने संबंधित विभागीय कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शीघ्र व निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि थाना दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी समाधान करना है, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

एसडीएम नवीन कुमार ने कहा कि भूमि विवाद, आपसी रंजिश और राजस्व से जुड़े मामलों में आपसी सहमति से समाधान को प्राथमिकता दी जा रही है। वहीं, सीओ परमानंद कुशवाहा ने कानून व्यवस्था बनाए रखने और जनता की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश पुलिस कर्मियों को दिए।

प्रशासन की इस पहल से क्षेत्रीय लोगों में भरोसा बढ़ा है। फरियादियों ने थाना दिवस के माध्यम से समस्याओं के त्वरित समाधान पर संतोष जताते हुए प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट