प्रभाग 11 में आरपीआई (एकतावादी) की सियासी गूंज

बादशाह भाई के पैनल को मिल रहा जबरदस्त समर्थन

भिवंडी। भिवंडी महानगरपालिका चुनाव के तहत प्रभाग क्रमांक 11 में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (एकतावादी) ने अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करानी शुरू कर दी है। सामाजिक कार्यों में लंबे समय से सक्रिय रहे आरपीआई (एकतावादी) पैनल के प्रमुख उम्मीदवार शेख महबूब उर्फ बादशाह भाई के नेतृत्व में शुक्रवार को भव्य रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया गया। रैली के दौरान पार्टी की सियासी गूंज पूरे प्रभाग में सुनाई दी। आरपीआई (एकतावादी) पैनल की यह रैली अजय होटल, जब्बार कंपाउंड से शुरू होकर शांतिनगर सब्जी मार्केट, रहमतपुर, गायत्रीनगर, नागांव तालाब और सलाउद्दीन स्कूल होते हुए पुनः अजय होटल पर समाप्त हुई। रैली में वार्ड (अ) से रेहाना मकसूद अंसारी, वार्ड (ब) से लव्सनी बाई जुमडे, वार्ड (क) से खान आबिद सलीम और वार्ड (ड) से शेख महबूब (बादशाह भाई) संयुक्त रूप से शामिल रहे।

रैली के दौरान पैनल के सभी उम्मीदवारों का जगह-जगह फूलों से स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और समर्थकों की मौजूदगी ने यह संकेत दिया कि इस पैनल को मतदाताओं का व्यापक समर्थन मिल रहा है। पार्टी के झंडे, नारों और अनुशासित कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने पूरे इलाके में चुनावी माहौल को गर्मा दिया।

इस अवसर पर शेख महबूब उर्फ बादशाह भाई ने प्रभाग 11 की जमीनी समस्याओं को लेकर तीखा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वार्ड में शिक्षा, साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं का गंभीर अभाव है। कई बार नगरसेवक चुनाव जीतने के बाद यह कहकर जिम्मेदारी से बचते हैं कि यह इलाका उनका वार्ड नहीं है, जिसके चलते क्षेत्र की समस्याएं जस की तस बनी रहती हैं। बादशाह भाई ने कहा कि आंगनवाड़ी, बालबाड़ी, सार्वजनिक शौचालय, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी है और इन्हीं कारणों से यहां के नागरिक वर्षों से परेशान हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि जनता ने उन्हें चुना, तो वे न केवल अपने वार्ड बल्कि पूरे भिवंडी शहर के विकास के लिए काम करेंगे। आरपीआई (एकतावादी) नेताओं का दावा है कि पार्टी की साफ छवि और सामाजिक सरोकारों को देखते हुए प्रभाग 11 में जनता का रुझान तेजी से उनकी ओर बढ़ रहा है। चुनाव नजदीक आते ही यहां का मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है और आरपीआई (एकतावादी) का यह पैनल मजबूत दावेदार के रूप में उभरता नजर आ रहा है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट