सपा उम्मीदवार एस.के भगत (SK) ने शुरू किया डोर टू डोर प्रचार, शुक्रवार को होगी विशाल जनसभा
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jan 08, 2026
- 81 views
प्रभाग 11 में सपा पैनल को मिल रहा जनसमर्थन.
संयुक्त रैली शाम 4 बजे किदवई नगर से निकलेगी
भिवंडी। भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका चुनाव के मद्देनजर प्रभाग क्रमांक 11 ‘अ’ से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार सुरेश कृष्णा भगत (एस.के.) ने अपने पैनल उम्मीदवारों के साथ डोर टू डोर प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। चुनावी प्रचार के दौरान सपा पैनल को स्थानीय नागरिकों का उत्साहजनक समर्थन मिल रहा है। सपा उम्मीदवार सुरेश कृष्णा भगत (एस.के.) अपने पैनल के उम्मीदवार अंसारी शमीम बानों मोहम्मद आसिफ (ब), शेख अरशिया निखत शफीक हुसैन (शफीक बाबू) (क) और हसीब शेर खान (ड) के साथ पूरे प्रभाग में घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं। प्रचार के दौरान नागरिकों से सीधे संवाद कर उन्हें सपा की नीतियों और विकास के वादों से अवगत कराया जा रहा है।
प्रभाग 11 में चुनावी मुकाबला रोचक होता जा रहा है। जहां एक ओर सपा पैनल मैदान में है, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ( (शरद चंद्र) और कांग्रेस के उम्मीदवार भी नामांकन दाखिल कर जोरदार प्रचार और रैलियां निकाल रहे हैं। इसके अलावा रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (एकतावादी) और लोक हिंद पार्टी के उम्मीदवार भी चुनावी रण में डटे हुए हैं। इसके बावजूद समाजवादी पार्टी का बढ़ता जनाधार साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। स्थानीय स्तर पर सपा के प्रति लोगों का झुकाव दिखाई दे रहा है, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। सपा उम्मीदवार सुरेश कृष्णा भगत (एस.के.) और उनके पैनल उम्मीदवारों की संयुक्त रैली और विशाल जनसभा का आयोजन शुक्रवार शाम 4 बजे किया जाएगा। यह रैली किदवई नगर स्थित प्रभाग (ड) के उम्मीदवार हसीब शेर खान के चुनावी कार्यालय से निकाली जाएगी और विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। एक मुलाकात के दौरान सुरेश भगत (एस.के.) ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रैली के माध्यम से जनता को एकजुट कर सपा पैनल को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने प्रभाग के नागरिकों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में रैली और जनसभा में शामिल होकर समाजवादी पार्टी के पैनल को समर्थन दें। जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे प्रभाग 11 में चुनावी माहौल और अधिक गर्माता जा रहा है। सभी राजनीतिक दल अपने-अपने स्तर पर मतदाताओं को लुभाने में जुटे हुए हैं।


रिपोर्टर