भगवानपुर प्रखंड के सरैया गांव, चार किलो मीटर पक्की सड़क में बना गड्ढ़ा मौत को दे रहा दावत
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jan 04, 2026
- 93 views
अनुमंडल संवाददाता सिंगासन सिंह यादव की रिपोर्ट
उपर से बदहाली सड़क पर चल रहा ओवरलोड डंफर
भभुआं (कैमूर}-- भभुआं अनुमंडल क्षेत्र के भगवानपुर प्रखंड अंतर्गत सरैया गांव से लेकर बघनरवा नार तक लगभग चार किलोमीटर लंबी सड़क आज बदहाली की मार झेल रही है। अलकतरा से बनी यह सड़क छिटपुट रूप से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। जगह-जगह बने गहरे और जानलेवा गड्ढे राहगीरों के लिए खतरा बन गए हैं। इस सड़क से रोजाना स्कूली बच्चे, किसान, बाइक सवार और चार पहिया वाहन गुजरते हैं, लेकिन खराब सड़क के कारण हर पल दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कैमूर जिले में अक्सर देखा जाता है कि सड़क एक तरफ बनती है और दूसरी तरफ कुछ ही दिनों में गड्ढों में तब्दील हो जाती है। इसका मुख्य कारण घटिया गुणवत्ता की सामग्री और मानकों की अनदेखी बताया जा रहा है। सड़क निर्माण के समय न तो सही ढंग से बेस तैयार किया जाता है और न ही टिकाऊ अलकतरा का उपयोग होता है, जिससे पहली ही बारिश या भारी वाहनों के दबाव में सड़क जवाब दे देती है।
स्थिति तब और गंभीर हो गई है जब हाल के दिनों में ओवरलोड डंपरों से मिट्टी की ढुलाई शुरू हो गई है। यह मिट्टी बन रहे हाइवे के निर्माण के लिए ले जाई जा रही है। भारी-भरकम डंपर दिन-रात इसी सड़क से गुजर रहे हैं, जिससे सड़क का अधिकांश हिस्सा पूरी तरह टूट चुका है। नियमों के अनुसार ओवरलोड वाहनों पर रोक होनी चाहिए, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता के कारण खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद न तो सड़क की मरम्मत कराई गई और न ही ओवरलोड वाहनों पर कोई कार्रवाई हुई। प्रशासन की चुप्पी सवाल खड़े करती है। अगर समय रहते सड़क की मरम्मत और भारी वाहनों पर नियंत्रण नहीं लगाया गया, तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी कब जागते हैं और आम जनता को इस बदहाल सड़क से राहत कब मिलती है।


रिपोर्टर