आचार संहिता पथक ने 4.40 लाख रुपये किया नकद जब्त
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jan 02, 2026
- 223 views
भिवंडी। भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका की सार्वत्रिक चुनाव प्रक्रिया 2025-26 के तहत लागू आदर्श आचार संहिता के दौरान प्रशासन की सतर्कता लगातार जारी है। इसी क्रम में उड़नदस्ता (फ्लाइंग स्क्वॉड) टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 लाख 40 हजार रुपये की नकद राशि जब्त की है। यह कार्रवाई 1 जनवरी 2026 को शाम करीब 5.45 बजे साईबाबा चेकपोस्ट परिसर में की गई। अतिरिक्त आयुक्त एवं आचार संहिता पथक प्रमुख विठ्ठल डाके तथा सहायक पथक प्रमुख समीर जवरे के मार्गदर्शन में उड़नदस्ता पथक क्रमांक-1 के अधिकारी दीपक हनुमान नाईक एवं उनकी टीम ने जांच के दौरान मारुति अर्टिगा कार (MH-05-EV-6667) को रोका। जांच के दौरान वाहन से कुल 4,40,000 रुपये की नकद राशि बरामद हुई। वाहन चालक की पहचान नरेंद्रसिंह मधुकर देवरे के रूप में हुई। जब उनसे नकदी के स्रोत, उपयोग और गंतव्य से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद उड़नदस्ता और वीडियो सर्विलांस टीम के अधिकारियों ने मौके पर नकदी की गिनती कर पंचनामा तैयार किया। जब्त की गई राशि के संबंध में शांतिनगर पुलिस स्टेशन में विधिवत प्रविष्टि दर्ज कराई गई और बाद में यह राशि महानगरपालिका के लेखा विभाग में जमा कर दी गई। इस कार्रवाई के समय प्रभाग समिति क्रमांक-2 के प्रभाग अधिकारी माणिक जाधव, बिट निरीक्षक धनराज पाटील, आकाश भोईर, निखिल सालवे, मनोज गुज्जा, मुस्तकीम शेख, समीर जमादार सहित पुलिस अधिकारी उपस्थित थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव अवधि के दौरान अवैध नकदी लेन-देन पर कड़ी नजर रखी जा रही है और आचार संहिता के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


रिपोर्टर