चुनाव से पहले भिवंडी में अवैध असलहा बरामद, दो गिरफ्तार

भिवंडी। आगामी चुनावों के मद्देनज़र पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत भिवंडी के नारपोली पुलिस थाना क्षेत्र में अवैध हथियार रखने के मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से एक देसी बनावटी पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। जब्त हथियारों की कुल कीमत करीब 59 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, नारपोली पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कामतघर इलाके में कुछ संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियारों के साथ घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर 27 दिसंबर की रात करीब 9.25 बजे पुलिस ने गणेश मंदिर के पीछे, मिठास स्वीट्स के सामने स्थित मैदान में दबिश दी।इस दौरान पुलिस ने मौके से दत्तु वीरेश कोली (38), निवासी आशिर्वाद नगर, कामतघर और साईनाथ नरसिमलु योनागुंडला (33), निवासी विनायक नगर, कामतघर को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर दोनों के पास से एक देसी बनावटी पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि आरोपियों के पास हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। साथ ही उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जारी निषेधाज्ञा (मनाई आदेश) का भी उल्लंघन किया था। इस संबंध में नारपोली पुलिस ने भारतीय शस्त्र अधिनियम की धारा 3 और 25 तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37(1) सह 135 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद हथियार किस उद्देश्य से रखे गए थे और क्या इसके पीछे किसी आपराधिक गिरोह का हाथ है।चुनाव से पहले क्षेत्र में अवैध हथियारों की बरामदगी से पुलिस महकमे में सतर्कता बढ़ा दी गई है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहने की बात कही गई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट