घर में सेंधमारी कर डेढ़ लाख से अधिक की चोरी
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Dec 29, 2025
- 156 views
भिवंडी। भिवंडी शहर पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत एक रिहायशी मकान में सेंधमारी कर नकदी, सोना-चांदी के आभूषण और मोबाइल फोन चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए घर में घुसकर करीब डेढ़ लाख रुपये से अधिक के माल पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता राजूचारी विश्वनाथ मासमपल्ली (40), निवासी कामतघर, अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। 23 दिसंबर की रात लगभग 12.15 बजे से लेकर सुबह 7 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण,नकदी और मोबाइल फोन चोरी कर लिए गए। सुबह जागने पर घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन अस्वस्थ होने के कारण उसी दिन शिकायत दर्ज नहीं करा सके। बाद में 27 दिसंबर को भिवंडी शहर पुलिस थाने में उन्होंने औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।चोरी गए माल की कुल कीमत लगभग 1 लाख 53 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।


रिपोर्टर