भिवंडी-निजामपुर में चुनावी सरगर्मी बढ़ी, तीसरे दिन 515 नामांकन फॉर्म बिके, सिर्फ 6 नामांकन दाखिल
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Dec 26, 2025
- 69 views
भिवंडी। भिवंडी-निजामपुर शहर महानगरपालिका के सार्वत्रिक चुनाव 2025-26 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन उम्मीदवारों और उनके समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।
26 दिसंबर को जारी निर्वाचन विभाग के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, शहर के सात निर्वाचन निर्णय अधिकारियों के कार्यालयों से कुल 515 नामांकन फॉर्म बेचे गए, जबकि केवल 6 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। निर्वाचन विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, तीसरे दिन सबसे अधिक नामांकन फॉर्म निर्वाचन निर्णय अधिकारी क्रमांक-3 के क्षेत्र में बिके, जहां 134 फॉर्मों की बिक्री दर्ज की गई। इसके बाद क्रमांक-2 क्षेत्र में 100, क्रमांक-5 में 72, क्रमांक-7 में 60, क्रमांक-1 में 52, क्रमांक-6 में 49 और क्रमांक-4 क्षेत्र में 38 नामांकन फॉर्म बेचे गए।
हालांकि नामांकन फॉर्मों की संख्या के मुकाबले नामांकन दाखिल करने वालों की संख्या काफी कम रही। तीसरे दिन कुल 6 नामांकन पत्र दाखिल हुए, जबकि कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में एक भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ। इससे यह संकेत मिलता है कि कई इच्छुक उम्मीदवार फिलहाल चुनावी रणनीति तय करने में जुटे हुए हैं।
गौरतलब है कि नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन 496 उम्मीदवारों ने फॉर्म खरीदे थे। दूसरे दिन 556 लोगों ने नामांकन फॉर्म खरीदे, जबकि इसी दिन केवल एक उम्मीदवार ने नामांकन अर्ज दाखिल किया था।अब तक कुल 1567 लोगों ने नामांकन फॉर्म खरीदे हैं, वहीं सिर्फ 7 उम्मीदवारों ने नामांकन अर्ज दाखिल किए हैं। आने वाले दिनों में नामांकन प्रक्रिया के अंतिम चरण में नामांकन दाखिल करने वालों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।


रिपोर्टर